केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बगहा के वाल्मीकि नगर में 20 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया। गृह मंत्री के निशाने पर नीतीश और लालू का जंगलराज रहा। उन्होंने 12 बार जंगलराज और 20 बार नीतीश का नाम लिया। मंच से कहा कि अब नीतीश के लिए भाजपा के सारे दरवाजे बंद हो गए हैं।
अमित शाह ने भाषण की शुरुआत में ही लोगों से पूछा कि जंगल राज से मुक्ति चाहिए या नहीं। अगर चाहिए तो 2024 में फिर से मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने का निश्चय कीजिए। जंगलराज से मुक्ति के लिए 2024 में भाजपा को जीताकर शुरुआत करिए।
अमित शाह का पूरा भाषण 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर था। उन्होंने केंद्र की बिहार में चल रही योजनाओं को गिनाया। वहीं, लोगों को लालू के जंगल राज वापसी से डराया।

वाल्मीकि नगर में अमित शाह की सभा में जुटी भीड़।
अमित शाह के भाषण की 5 बड़ी बातें
जंगलराज से डराया: अमित शाह ने कहा कि ये लालटेन से जो लौ उठी है, उसमें पूरा बिहार धधक रहा है। अब नीतीश बाबू में तो हिम्मत नहीं है कि वो लालटेन की लौ को बुझाएं। मगर मैं बिहार की जनता को कहने आया हूं कि इस बार ऐसा सबक सिखाइए कि बिहार में दल बदलने वाले चुप हो जाएं।
प्रदेश में हत्या, बलात्कार, लूट की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बोलने वाले पत्रकारों की हत्या की जा रही है। यह जंगलराज की शुरुआत है। लालू की गोद में नीतीश बैठे हुए हैं।
भाजपा के त्याग की बात: अमित शाह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में आप ने भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाया था। हमारा वादा था कि हम नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाएंगे। हमने बनाया भी, लेकिन नीतीश बाबू ऐसे आदमी हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री का सपना आता है। अब नीतीश के लिए भाजपा के दरवाजे हमेशा के लिए बंद हो गया।
नीतीश को अवसरवादी बताया: शाह ने कहा कि नीतीश कांग्रेस से लड़े। जंगलराज से लड़े, लेकिन फिर उसी लालू की पार्टी से मिलकर सरकार बना ली। यह अपवित्र गठबंधन पानी और तेल की तरह है। प्रधानमंत्री बनने के लिए नीतीश कुमार अवसरवादी बने हैं। इसलिए सोनिया गांधी के चरणों में गिरे हैं।
तेजस्वी के सीएम बनने को लेकर डराया: अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार ने लालू जी के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया है। मैं नीतीश जी को कहता हूं, आप जनता को क्यों नहीं बता रहे हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाकर आप पूरी तरह से जंगलराज फिर से लाना चाहते हैं।
रामायण सर्किट से जुड़ेगा वाल्मीकि नगर: अमित शाह ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 2014 से अब तक एक लाख 9 हजार करोड़ रुपए दिया है, जबकि कांग्रेस की सरकार ने इसका आधा भी नहीं दिया था। अमित शाह ने केंद्र की बड़ी योजनाओं को बताया। उन्होंने मंच से रामायण सर्किट से वाल्मीकि नगर को जोड़ने की घोषणा भी की।



Comment here