पटना: युवा और छात्र कांग्रेस द्वारा कन्हैया कुमार के नेतृत्व में पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा का आज अंतिम दिन है.

कन्हैया कुमार अपने पदयात्रा की शुरुआत कांग्रेस प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम से करेंगे. 16 मार्च को पश्चिम चंपारण के गांधी आश्रम से पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा का आज 27 वां और अंतिम दिन है.

सदाकत आश्रम से पदयात्रा: कन्हैया कुमार आज अपने पदयात्रा की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम से करेंगे. वहां से उनका पदयात्रा राजपुर पुल पहुंचेगा. राजपुर पुल से बोरिंग रोड होकर इनकम टैक्स चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ निकलेगी. प्रदेश भर से आए लगभग 5 हजार कार्यकर्ता सीएम हाउस का घेराव करेंगे.

11 बजे प्रेसवार्ता: पश्चिम चंपारण के भितिहरवा आश्रम से शुरू हुई इस पदयात्रा का सफर कैसा रहा, इसको लेकर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट 11 बजे पटना के मौर्या होटल में पत्रकारों से बातचीत करेंगे. इस मौके पर बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार बिहार विधानसभा में पार्टी विधायक दल के नेता शकील अहमद खान, कन्हैया कुमार सहित सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.

सुरक्षा के व्यापक इंतजाम: पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेसी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री को अपना मेमोरेंडम देना चाहते हैं. कांग्रेस पदयात्रा को देखते हुए राजधानी पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. सदाकत आश्रम, राजपुर पुल, बोरिंग रोड और इनकम टैक्स चौराहा पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है, ताकि यह लोग प्रतिबंधित क्षेत्र मुख्यमंत्री आवास की तरफ बड़ी संख्या में ना जा सके.

भितिहरवा आश्रम से शुरू हुई थी पदयात्रा: 27 दिनों तक चली इस पदयात्रा का आज अंतिम दिन है. कांग्रेस की पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा 16 मार्च से महात्मा गांधी के सत्याग्रह की भूमि पश्चिम चंपारण के भीतिहरवा से शुरू हुई थी. जो बिहार के अनेक जिलों से होकर गुजरी.

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा में शामिल होने के लिए खुद बेगूसराय पहुंचे थे. बेगूसराय में उन्होंने कन्हैया कुमार के साथ पदयात्रा की थी.