पटना: बिहार में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है, ऐसे में लोगों को गर्मी से राहत मिली है. लेकिन वज्रपात की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है. पिछले दो दिनों से बारिश और आसमानी बिजली गिरने की घटनाओं ने हालात गंभीर कर दिए हैं. मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट जारी है. लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है.

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 11 अप्रैल को भी राज्य के कई जिलों में भारी बारिश,आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना जताई है. इस कारण मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है.

मौसम विभाग ने शुक्रवार को 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही सभी जिलों में झोंके के साथ तेज हवा का अलर्ट भी जारी किया गया है. हवा की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा रहेगी.

इन 10 जिलों में भारी बारिश
पश्चिमी और पूर्वी चंपारण में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है.

पांच दिनों का हाल बेहाल
मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल से लेकर 15 अप्रैल तक मौसम में इस तरह का बदलाव जारी रहने वाला है.. गुरुवार 10 अप्रैल को भी कई जिलों में आंधी तूफान और बारिश ने कहर बरपाया. पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे जुड़ी दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने के चलते चक्रवाती परिसंचरण बन चुका है और इसका प्रभाव बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा.

लोगों को मौसम विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी दी है कि खराब मौसम होने पर खुले मैदानों, पेड़ों या बिजली के खंभों के पास ना खड़े हों. किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में काम करते समय मौसम की स्थिति पर खास ध्यान दें.

बदले मौसम ने तापमान को काबू में किया है, लेकिन लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. बिजली गिरने की घटनाओं के कारण खास सतर्कता ही सुरक्षा की कुंजी है.

