BIHARBreaking NewsMUZAFFARPURSTATE

बिहार: वैशाली के राघोपुर में फिर बाढ़ का कहर, गांव-थाना-बाजार जलमग्न; 40 स्कूलों में पठन-पाठन बंद

वैशाली: वैशाली जिले में गंगा और गंडक नदी के जलस्तर में हो रही बेतहाशा वृद्धि ने वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में एक बार फिर बाढ़ का भीषण खतरा पैदा कर दिया है। पिछले 15 दिनों से अधिक समय तक बाढ़ का दंश झेलने के बाद लोगों ने अभी राहत की सांस ली ही थी कि इस मानसून सीजन में तीसरी बार पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से पूरे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है। बाढ़ के इस नए प्रकोप ने प्रखंड की जीवन रेखा को पूरी तरह जाम कर दिया है।

थाना परिसर और मुख्य बाजार जलमग्न

बाढ़ के पानी के तेज फैलाव से जुड़ावनपुर थाना परिसर, बिंदा मार्केट, शिवनगर, जुड़ावनपुर बाजार तथा जुड़ावनपुर से वीरपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया है। इसके अलावा बिंदा मार्केट से विश्राम टोला, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 28-29 के पास और कमल सिंह उच्च विद्यालय, राघोपुर पश्चिम के समीप भी भारी जलजमाव हो गया है।

जुड़ावनपुर थाने में पानी भर जाने से पुलिसकर्मियों को अपने दैनिक कार्यों और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं रात के समय जहरीले जीवों के भय से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

संपर्क कटा, जान जोखिम में डालकर आवाजाही

सिक्स लेन पुल के पाया नंबर 28-29 के पास हुए जलजमाव के कारण जफराबाद-जहांगीरपुर के सैकड़ों ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह कट गया है। मजबूरी में लोग ट्रैक्टर और पिकअप के सहारे अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।

बिंदा मार्केट के स्थानीय दुकानदार सुमन कुमार ने पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया कि बमुश्किल 15 दिन पहले दुकानें खुली थीं कि बाढ़ का पानी फिर लौट आया, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक नावों का परिचालन शुरू नहीं किया गया है।

इस सीजन में यह तीसरी बार है, जब बाढ़ का पानी प्रहार कर रहा है। पिछली बाढ़ में प्रखंड की 20 पंचायतों के 76 गांव प्रभावित हुए थे। ताजा स्थिति के तहत इस बार चकसिंगार, रामपुर करारी, बरारी, लंका टोला, श्रीनगर, विश्राम टोला, वीरपुर, जफराबाद, हिम्मतपुर, तेरसिया और सरायपुर समेत दर्जनों गांवों में पानी प्रवेश कर चुका है।

प्रशासनिक दौरा और राहत राशि को लेकर आक्रोश

हालात का जायजा लेने के लिए बीडीओ सीमा कुमारी ने शुक्रवार को ट्रैक्टर पर सवार होकर सिक्स लेन पुल से लोहा पुल तक तथा चकसिंगार, बरारी, करारी, राघोपुर पूर्वी, पहाड़पुर और मलिकपुर का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

दूसरी ओर, सरकार द्वारा घोषित 7 हजार रुपये की बाढ़ राहत राशि समय पर न मिलने से ग्रामीणों में जिला प्रशासन के प्रति तीव्र आक्रोश है। समाजसेवी अर्जुन कुमार ने बताया कि जफराबाद टोक और जहांगीरपुर पंचायत के लोगों को सिक्स लेन पुल से गांव आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। लोग ट्रैक्टरों से आने को विवश हैं, जहां चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने अंचल और जिला प्रशासन से तत्काल आवागमन सुचारू करने और नावें चलवाने की जोरदार मांग की है।

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.