MUZAFFARPUR

बिहार में फिर कपल से बदसलूकी का वीडियो वायरल: गया की पहाड़ी पर युवकों ने घेरा

बिहार के जमुई, समस्तीपुर, बांका और किशनगंज के बाद गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र में घूमने गए एक युवक-युवती के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है।

महुआडीह गांव के पास पहाड़ी इलाके में कुछ युवकों द्वारा कपल को घेरकर गाली-गलौज, मारपीट और परेशान करने का आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पहाड़ी के पास कपल को घेरने का आरोप, वीडियो वायरल

जानकारी के अनुसार, गुरुआ थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक सोमवार दोपहर अपनी एक दोस्त के साथ शेरघाटी थाना क्षेत्र के महुआडीह स्थित पहाड़ी के पास घूमने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवक दिखाई दे रहे हैं, जो कपल के साथ बहस करते नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गाली-गलौज और मारपीट का लगाया आरोप

पीड़ित पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, काफी देर तक दोनों को वहां रोके जाने की बात भी सामने आ रही है। आरोप है कि युवकों ने उनकी गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके अलावा गाड़ी के टायर की हवा निकालने और प्लग निकालने की बात भी वीडियो में सुनाई देने का दावा किया जा रहा है।

सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़े होने की चर्चा

घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक आर्यन नाम से सोशल मीडिया आईडी और ग्रुप चलाते हैं।

वायरल वीडियो भी इसी नाम से जुड़े एक ग्रुप से सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है और न ही वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान सार्वजनिक की गई है।

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.