BIHARMUZAFFARPURSTATE

बिहार में छठ पूजा के दौरान बड़ा हा’दसा: गंगा में डूबे तीन युवक, दो की मौ’त, एक ला’पता

पटना : पटना सिटी क्षेत्र में चैती छठ पूजा के दौरान बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया. मालसलामी थाना क्षेत्र स्थित दमराही घाट पर गंगा नदी में स्नान करने उतरे पांच युवकों में से तीन युवक गहरे पानी में डूब गए. इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक अब भी लापता है. हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजनों में कोहराम मच गया.

पांच युवक डूबे 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, छठ पूजा को लेकर सुबह से ही दमराही घाट पर भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे. इसी दौरान पांच युवक गंगा नदी में स्नान के लिए उतरे. बताया जाता है कि अचानक नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण तीन युवक संतुलन खो बैठे और डूबने लगे. हालांकि, उनमें से दो युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन तीन युवक गहरे पानी में समा गए.

गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन 

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और स्थानीय स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया गया. सूचना मिलने पर मालसलामी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद दो युवकों को नदी से बाहर निकाला गया और उन्हें तत्काल नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेजा गया.

दो युवकों की मौत 

अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान गणेश कुमार (18) और रोहित कुमार (19) के रूप में हुई है. दोनों युवक पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र के हनुमान नगर के निवासी बताए जा रहे हैं. जैसे ही उनके परिजनों को घटना की जानकारी मिली, अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया.

एक युवक की तलाश जारी 

वहीं, तीसरे युवक सीबू का अब तक कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस प्रशासन द्वारा उसकी तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. मालसलामी थाना प्रभारी के अनुसार, लापता युवक की खोज के लिए NDRF और SSB की टीम को लगाया गया है, जो गंगा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है.

लोग सतर्क रहें 

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में स्नान के दौरान सतर्कता बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके. मौके पर मौजूद एसडीआरएफ के अधिकारी ने बताया कि सूचना मिली थी जिसके बाद हम लोग यहां पहुंचे हैं और पूछताछ करने के बाद गंगा नदी में गोताखोर गए जहां दो बॉडी को बरामद किया गया है. वहीं उन्होंने यह भी बताया कि लगातार सतर्कता भी बताई जाती है लेकिन लोग मानते नहीं है और वीडियो बनाते हैं.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.