MUZAFFARPUR

बिहार से लापता 5 किशोरी दिल्ली में मिली, पूछताछ में हैरान करने वाला खुलासा

बेतिया: बिहार के बेतिया से लड़की लापता मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने जिले के कुमारबाग थाना क्षेत्र के बड़का लखौरा गांव से लापता हुईं 5 नाबालिग किशोरियों को महज 24 घंटे के भीतर दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है. किशोरियों से पूछताछ कर परिवार के हवाले कर दिया गया है.

2 फरवरी को लापता हुई थी बच्ची

पुलिस के मुताबिक 2 फरवरी की शाम एक साथ पांच नाबालिग किशोरी अचानक लापता हो गई थी. परिजनों द्वारा अपने स्तर से हर संभव खोजबीन की गई. रिश्तेदारों से पूछताछ की गई, लेकिन जब कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा तब कुमारबाग थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था.

टीम गठित कर छानबीन

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने बिना देर किए वरीय अधिकारियों को सूचित किया. बेतिया पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर डीएसपी विवेक दीप के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया. एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी हाल में बच्ची को खोजना है.

दिल्ली में मिली लड़की

बेतिया सदर डीएसपी विवेक दीप के कुशल नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच को मजबूत आधार बनाया. मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, टावर डंप और अन्य टेक्निकल इनपुट के सहारे लगातार जांच की गई. एक-एक कड़ी को जोड़ते हुए आखिरकार जांच की दिशा दिल्ली तक पहुंची. अथक प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने दिल्ली से सभी पांचों नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया।

अवसर की तलाश में गयी थी दिल्ली

पूरे मामले में डीएसपी ने बताया कि ये सभी लड़कियां बेहतर अवसर की तलाश में एक साथ दिल्ली चली गयी और परिजनों को इसकी जानकारी नहीं दी थी. डीएसपी के अनुसार इन सभी लड़कियों की उम्र 15 से 18 साल के बीच है. कई लड़कियों के पास के कपड़े और अन्य सामान मिले हैं. इससे साफ है कि सभी दिल्ली में रहने का प्लान बनाकर घर से निकली थी.

पहले भी ऐसे मामले आ चुके हैं

यह पहला मौका नहीं है जब सदर डीएसपी विवेक दीप ने अपनी कार्यकुशलता और तेज निर्णय क्षमता से पुलिसिंग का बेहतर उदाहरण पेश किया हो. इससे पहले भी लौरिया थाना क्षेत्र से अपहृत 6 वर्षीय मासूम बच्चे को मात्र 6 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उन्होंने पूरे जिले में अपनी अलग पहचान बनाई थी.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.