MUZAFFARPUR

तेजस्वी यादव के सीएम चेहरा बनते ही BJP का हमला, कहा- ‘चारा घोटाले का बेटा, धारा 420 का आरोपी’

पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया है. इस कदम पर भाजपा ने तीखा प्रहार किया है. पार्टी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए हमलावर हो गए हैं. रविशंकर प्रसाद से लेकर निशिकांत दुबे तक, भाजपा के बयानबाजी ने महागठबंधन की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. एनडीए की ओर से दावा किया जा रहा है कि यह घोषणा ही विपक्षी गठबंधन की कमजोरी को उजागर कर रही है.

‘चारा घोटाले का बेटा, धारा 420 का आरोपी’: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने तेजस्वी यादव पर सीधा निशाना साधा. उन्होंने कहा कि तेजस्वी के पिता लालू प्रसाद यादव को कोर्ट ने 32.5 साल की सजा सुनाई है. इसके अलावा उन पर दिल्ली की सीबीआई कोर्ट में भी केस चल रहा है. वहीं तेजस्वी यादव खुद भी धारा 420 के आरोपी हैं.

बीजेपी नेता रवि शंकर प्रसाद का बयान लालू प्रसाद यादव के पुराने चारा घोटाले को फिर से हवा देता नजर आ रहा है. उनका इशारा साफ है कि महागठबंधन की यह चाल जनता को ‘विकास’ के नाम पर गुमराह करने की कोशिश है, जबकि एनडीए ‘डबल इंजन’ की ताकत से बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

शाहनवाज हुसैन ने उड़ाया मजाक: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने महागठबंधन की रणनीति को ‘महाभूल’ बताया है. उन्होंने कहा, “महागठबंधन ने ‘महाभूल’ कर दी है. उनका MY समीकरण अब ‘मुस्लिम-यादव’ नहीं बल्कि ‘मुकेश सहनी-तेजस्वी यादव’ हो गया है. उनका वोट बैंक अब उनसे नाराज हो गया है क्योंकि उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला है. महागठबंधन में दरार है, कांग्रेस ने तेजस्वी यादव और लालू यादव के सामने घुटने टेक दिए हैं.”

शाहनवाज हुसैन का बयान महागठबंधन के वोट बैंक पर सीधा प्रहार करता है. उनका दावा है कि तेजस्वी को चेहरा बनाने से मुस्लिम-यादव गठजोड़ कमजोर पड़ गया है और कांग्रेस की ‘घुटने टेकने’ वाली राजनीति ने गठबंधन में फूट डाल दी है. यह बयान विपक्षी एकता पर सवाल उठाने का प्रयास लगता है.

निशिकांत दुबे ने दी चेतावनी: गोड्डा से सांसद और बीजेपी नेता निशिकांत दुबे ने तो तेजस्वी के चेहरे को ही एनडीए के लिए ‘फायदेमंद’ बता दिया. उन्होंने कहा, “तेजस्वी का चेहरा जितना बिहार की जनता के बीच जाएगा. NDA उतना ही आगे बढ़ेगा.” उनका कहना है कि महागठबंधन ने सीएम के तौर पर तेजस्वी यादव के नाम की घोषणा उल्टी पड़ जाएगी और जनता एनडीए के पक्ष में लामबंद हो जाएगी.

बीजेपी की इन तीखी बयानबाजियों से बिहार चुनावी माहौल और गरमा रहा है. जहां महागठबंधन तेजस्वी को युवा चेहरा बताकर आक्रामक रुख अपना रहा है, वहीं एनडीए विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पलटवार कर रहा है. आने वाले दिनों में यह जंग और तेज होने की पूरी संभावना है.

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.