पटना: बिहार चुनाव 2025 में आखिरकार महागठबंधन ने अपने सारे विवाद सुलझा लिए है. महागठबंधन ने पटना में प्रेस कांफ्रेंस किया और सीएम के नाम पर तेजस्वी यादव के नाम पर मुहर लगाई. इसके अलावा डिप्टी सीएम के तौर पर मुकेश सहनी का भी नाम अनाउंस किया गया. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने एनडीए पर जमकर प्रहार किया.

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और RJD नेता तेजस्वी यादव ने पटना में महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में महागठबंधन की एकजुटता का ऐलान किया और कहा कि गठबंधन बिहार बनाने के लिए एकजुट है. नीतीश कुमार को NDA द्वारा ठगे जाने का आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि अमित शाह ने साफ कर दिया है- नीतीश का ये आखिरी चुनाव है.

महागठबंधन का धन्यवाद
तेजस्वी यादव ने लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और महागठबंधन के सभी साथियों का आभार जताया. उन्होंने कहा, “हम बिहार बनाने का काम करेंगे. आपका विश्वास हमें जरूर खरा उतरेगा. महागठबंधन केवल सरकार बनाने नहीं, बिहार बनाने के लिए एकजुट हुआ है.”

‘NDA में थके हुए लोग, सिर्फ सत्ता के भूखे’
एनडीए को निशाने पर लेते हुए तेजस्वी ने कहा, “ये थके हुए लोग हैं, सिर्फ सत्ता के भूखे. 30 महीने का मौका मिला तो 30 साल का काम करके दिखाएंगे. NDA ने 20 साल में कुछ नहीं किया, हम 20 महीने में सब करेंगे.”

NDA नीतीश कुमार के साथ कर रही अन्याय
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि NDA नीतीश कुमार के साथ अन्याय कर रही है. उन्होंने सवाल किया, “चुनाव प्रचार में नीतीश का चेहरा क्यों नहीं? अमित शाह हर बार CM चेहरा घोषित करते हैं, इस बार क्यों नहीं? नीतीश का ये आखिरी चुनाव है, अमित शाह ने साफ कर दिया. BJP JDU को खत्म करना चाहती है.”

PM मोदी पर तीखा प्रहार
तेजस्वी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर हमला बोला, “मोदी जी गुजरात में फैक्ट्री लगाएंगे, बिहार में विक्ट्री चाहिए. NDA ने मना कर दिया- बिहार में कोई फैक्ट्री, उद्योग नहीं लगाएंगे. हमें एक मौका दीजिए.”


Leave a Reply