MUZAFFARPUR

संजय झा के रोके नहीं रुके नीतीश, महिला के गले में पहना दी माला, तेजस्वी ने सीएम के स्वास्थ्य पर उठाए सवाल

मुजफ्फरपुर: बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर हाई स्कूल मैदान में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. सभा के दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रमा निषाद को मंच पर बुलाकर गले में माला पहनाई, जो महिलाओं को सम्मानित करने की परंपरा के विपरीत रही है. आमतौर पर महिलाओं को हाथ में माला देकर सम्मानित किया जाता है. इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय झा द्वारा हाथ पकड़ने पर नीतीश ने हल्की फटकार लगाई.

महिला प्रत्याशी के गले में माला

सीएम नीतीश कुमार जेडीयू प्रत्याशी अजय कुशवाहा और भाजपा उम्मीदवार रमा निषाद के समर्थन में सभा कर रहे थे. इस दौरान नीतीश कुमार ने भाजपा प्रत्याशी रमा निषाद को मंच पर बुलाया. जैसे ही उन्होंने माला पहनाने के लिए हाथ बढ़ाया, राज्यसभा सांसद संजय झा ने उनका हाथ पकड़ लिया और रोकने की कोशिश की. इस पर मुख्यमंत्री बोले, “ई गजब के आदमी हैं भाई, हाथ काहे पकड़ते हो.” इसके बाद नीतीश ने रमा निषाद के गले में माला डाल दी. यह घटना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई, क्योंकि महिलाओं को सम्मानित करने की प्रचलित परंपरा हाथ में माला देने की रही है.

तेजस्वी यादव ने साधा निशाना

नीतीश कुमार के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण पार्टी के एक्स हैंडल पर चल रहा था. जैसे ही नीतीश कुमार ने महिला प्रत्याशि को माला पहनाई इसका वीडियो वायरल हो गया. इस पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी निशाना साधा. उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा ” मुख्यमंत्री जी अगर स्वस्थ हैं तो लिखा हुआ भाषण पढ़ ऐसी हरकतें क्यों कर रहे हैं?”

पहले भी नीतीश की हुई है आलोचना

पटना के सहकारिता विभाग के एक कार्यक्रम में नीतीश ने मंच पर एक महिला पुरस्कार विजेता को सम्मानित करते हुए उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींच लिया था. बाद में उन्होंने महिला के कंधे पर हाथ रखा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह घटना कैमरे में कैद हो गई. डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने हस्तक्षेप कर नीतीश को रोका. आरजेडी ने इसे ‘अनुचित व्यवहार’ बताते हुए इस्तीफे की मांग की थी.

बेगूसराय में नीतीश ने महिलाओं के कपड़ों पर की थी टिप्पणी

प्रगति यात्रा के दौरान बेगूसराय में जीविका दीदियों से बातचीत में नीतीश ने कहा, “पहले लड़कियां कपड़े पहनती थीं? अब देखिए कितना बढ़िया हो गया है.” इस बयान को विपक्ष ने सेक्सिस्ट करार दिया. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा, “सीएम वूमेन फैशन डिजाइनर नहीं हैं.” नीतीश के समर्थकों ने इसे विकास के संदर्भ में लिया, लेकिन विवाद फैल गया.

एक करोड़ नौकरियों का वादा

मुजफ्फरपुर में मुख्यमंत्री ने जेडीयू प्रत्याशी अजय कुशवाहा और भाजपा उम्मीदवार रमा निषाद के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने लोगों से अपील की कि विकास के कार्यों को याद रखें और अफवाहों में न आएं.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.