MUZAFFARPUR

धनतेरस को लेकर एक्शन में पटना पुलिस, 149 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात

पटना : देशभर में आज धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है। धनतेरस पर्व पर राजधानी पटना के बाजारों में बढ़ती भीड़ और भारी खरीदारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा के निर्देश पर पूरे जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।

149 स्थानों पर मजिस्ट्रेट तैनात

पटना शहरी क्षेत्र में कुल 149 स्थानों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि इस बार त्योहारों के साथ-साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियां भी चल रही हैं। ऐसे में केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की मदद से सुरक्षा को और मजबूत किया गया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कोई भी असामाजिक तत्व चुनावी माहौल में बाधा न डाल सके, इसके लिए निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है।

सभी गतिविधियों पर रखी जा रही नजर

त्योहार के दौरान मुख्य बाजार क्षेत्रों, चौराहों और संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है ताकि नागरिकों को खरीदारी के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस बल को रणनीतिक रूप से तैनात किया गया है और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से सभी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

विशेष पेट्रोलिंग टीम एक्टिव

महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। ये टीमें बाजारों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर रही हैं। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

पटना पुलिस का कहना है कि धनतेरस और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में मनाया जाएगा। लोगों से अपील की गई है कि वे निश्चिंत होकर त्योहार की खरीदारी करें, क्योंकि सुरक्षा के हर इंतजाम किए जा चुके हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.