MUZAFFARPUR

बिहार में मौसम का बदला मिजाज, रात में कंपाने लगी ठंड, धनतेरस के दिन कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम जान लीजिए

बिहार : बिहार में अब मौसम ने पूरी तरह करवट ले लिया है। ठंड ने प्रदेश में दस्तक दे दी है। अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े में ही राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह और शाम के समय हवा में ठंडक घुल गई है। देर रात अब लोगों को चादर की जरूरत महसूस होने लगी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंडक में धीरे-धीरे और बढ़ोतरी होगी।

तापमान में उतराव-चढ़ाव ने बढ़ाई परेशानी 

फिलहाल दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। जिसकी वजह से लोगों में मौसमी बीमारियां जैसे बुखार और जुकाम बढ़ रही हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी है कि सुबह और शाम के समय बाहर निकलते वक्त सतर्क रहें, हल्के गर्म कपड़े पहनें और गुनगुना पानी पीएं। मौसम विभाग की मानें तो 20 अक्टूबर तक राज्य के दक्षिणी और पूर्वी जिलों जैसे गया, नालंदा, नवादा, कैमूर, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार में न्यूनतम तापमान 18°C तक पहुंचने का अनुमान है। इस कारण इन इलाकों में हल्की ठिठुरन महसूस होगी।

आज कैसा रहेगा बिहार का मौसम

शनिवार को बिहार का मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और हल्की गति की हवा चलने की संभावना है। धूप निकलेगी, लेकिन उसमें अब पहले जैसी तपिश नहीं रहेगी। दिन का अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 18 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अब उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं बिहार में प्रवेश कर रही हैं। जिसके कारण दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।

इन जिलों में सबसे पहले महसूस होगी ज्यादा ठंड

बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, दक्षिणी और पूर्वी बिहार के जिलों में ठंड का असर सबसे पहले और ज्यादा देखने को मिलेगा। इनमें पटना, गया, नालंदा, नवादा, कैमूर, औरंगाबाद, रोहतास, भोजपुर, जमुई, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और भागलपुर प्रमुख हैं।

इन जिलों में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में यह 21 से 24 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.