MUZAFFARPUR

चिराग पासवान ने बदली रणनीति, समझौते के मूड में नहीं है नीतीश कुमार!

पटना: एनडीए के अंदर पांच घटक दल है. तमाम दलों ने उम्मीदवारों की घोषणा शुरू कर दी है और नामांकन का दौर भी शुरू हो चुका है. चिराग पासवान को लेकर एनडीए के अंदर उलझन है. नीतीश कुमार ने जो सीटों का ऐलान किया है उससे स्पष्ट है कि वह अपनी सीटिंग सीट किसी भी सूरत में चिराग पासवान के लिए छोड़ने को तैयार नहीं हैं.

संख्या को लेकर बड़ा ऐलान: एनडीए ने सीट शेयरिंग को लेकर शुरुआती घोषणा की थी, जिसमें तमाम दलों को कितनी सीटें मिलेगी यह स्पष्ट किया गया था. जो घोषणा हुई थे उसके मुताबिक बीजेपी और जेडीयू को 101 -101 सीटें मिली थी. लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास को 29 सीटें मिली थी. जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा के खाते में 6-6 सीटें गई थी.

अबतक इतने उम्मीदवारों का ऐलान: बीजेपी ने तीन सूची जारी कर दी है. अब तक पार्टी ने 101 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. जनता दल यूनाइटेड की ओर से भी पहली सूची जारी की गई है. जिसके तहत पार्टी ने 57 उम्मीदवारों के नाम और विधानसभा सीट घोषित कर दिए हैं. जीतन राम मांझी ने भी 6 सीट पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. उपेंद्र कुशवाहा ने अब तक उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है.

चिराग पासवान के 14 उम्मीदवार: चिराग पासवान ने 14 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. चिराग पासवान ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी को गोविंदगंज विधानसभा सीट पर सिंबल दिया है. गोविंदगंज सीट पर बीजेपी का कब्जा है और सुनील मणि तिवारी वहां से विधायक हैं.

अपने मजबूत सीट पर अड़े नीतीश कुमार: नीतीश कुमार ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं और मजबूत सीट पर समझौते के लिए तैयार नहीं है. एक ओर जहां मटिहानी से जदयू ने उम्मीदवार दे दिया है. 2020 के चुनाव में लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर जीते राजकुमार सिंह को जदयू ने मैदान में उतारा है. सोनबरसा विधानसभा सीट पर भी जदयू ने रत्नेश सदा को फिर से मैदान में उतारा है. इसके अलावा राजगीर, अलौली, एकमा, मोरवा और हिल्सा सीट पर भी चिराग पासवान का दावा था. सभी सीट जदयू ने अपने पास रख ली है.

बीजेपी ने चिराग के लिए सिर्फ गोविंदगंज छोड़ा: चिराग पासवान की नजर बीजेपी के कुछ सीटों पर थी लेकिन बीजेपी ने भी जो सूची जारी की उसमें गोविंदगंज छोड़कर तमाम सीट अपने पास रख लिए. तारापुर, दानापुर, हायाघाट, गया, अरवल, हिसुआ और लालगंज सीट पर चिराग पासवान की नजर थी लेकिन बीजेपी ने तमाम सीटों को अपने पास रखा और सभी सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान भी कर दिया. वहीं तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं. गया विधानसभा सीट से प्रेम कुमार मैदान में हैं, तो दानापुर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने रामकृपाल यादव को मैदान में उतारा है.

किसके खाते में मखदुमपुर विधानसभा सीट: चिराग पासवान ने जो सूची जारी की है उसमें मखदुमपुर विधानसभा सीट का नाम शामिल है. मखदुमपुर विधानसभा सीट पर जीतन राम मांझी ने भी दावा ठोक रखा है. अब तक 14 सीटों का ऐलान किया गया है. 15 और सीटों का ऐलान चिराग पासवान को करना है.

क्या कहते हैं संजय झा: जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा है कि नीतीश कुमार का सरकार और पार्टी पर कमांड है. हर फैसला नीतीश कुमार के सहमति से लिया जाता है. नीतीश कुमार का स्वभाव प्रजातांत्रिक मूल्यों का आदर करना है. इस वजह से वह अपने सहयोगियों से सलाह मशविरा भी करते हैं.

 

एक्शन मोड में नीतीश कुमार: वरिष्ठ पत्रकार अरुण पांडे का मानना है कि नीतीश कुमार एक्शन मोड में है. हर फैसले नीतीश कुमार ले रहे हैं और सीटिंग सीट न छोड़ने का संकेत दे चुके हैं. नीतीश कुमार अपने शर्तों पर राजनीति करते हैं. नीतीश कुमार ने जो सीटों का ऐलान किया है, उससे स्पष्ट है कि बिहार की सियासत में वह ड्राइविंग सीट पर हैं और किसी भी दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं.

 

 

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.