MUZAFFARPUR

बिहार में चुनाव से पहले 1 करोड़ की शराब जब्त, पांच गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में उत्पाद विभाग ने त्योहार और चुनाव से पहले अवैध शराब के कारोबार की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है. तुर्की थाना क्षेत्र के थूम्मा गांव में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर विभाग ने एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की शराब की खेप बरामद की. इस दौरान मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया.

कहां से आई एक करोड़ की शराब

उत्पाद विभाग और तुर्की थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बीती रात थूम्मा गांव में छापेमारी की. जांच में पता चला कि शराब को एक खंडहरनुमा मकान में छिपाकर रखा गया था. खेप इतनी बड़ी थी कि उसे बाहर निकालने के लिए मजदूरों की मदद लेनी पड़ी. बरामद शराब को पंजाब निर्मित बताया जा रहा है.

बारकोड स्क्रैच कर छिपाई सप्लायर की पहचान

छापेमारी के दौरान पाया गया कि शराब माफियाओं ने सप्लायर की पहचान छिपाने के लिए बोतलों पर लगे बारकोड को स्क्रैच कर दिया था. गोदाम से विभिन्न प्रीमियम ब्रांड की शराब की बोतलें जब्त की गई है.

पांच गिरफ्तार, पूछताछ जारी

मौके से गिरफ्तार किए गए पांच लोगों से उत्पाद विभाग और पुलिस गहन पूछताछ कर रही है. उनकी निशानदेही पर अन्य धंधेबाजों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब के नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।

गोदाम संचालक की भूमिका की जांच

पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम मामले की हर पहलू पर गहन जांच कर रही है. गोदाम संचालक की भूमिका की भी छानबीन की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।.

शराब माफियाओं पर कसेगा शिकंजा

इस कार्रवाई से जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी ताकि शराब माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके.

त्योहार और चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि त्योहार और चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जो शराब माफियाओं के लिए कड़ा संदेश है. उन्होंने कहा कि अवैध धंधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.