पटना: बिहार में मानसून अभी भी सक्रिय है. मौसम का मिजाज बदला हुआ है. ऐसे में मौसम विभाग पटना ने भारी बारिश को लेकर 35 जिलों में येलो अलर्ट और 3 जिलों में ऑरेंजे अलर्ट जारी किया है. अभी भी कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है.

भारी बारिश से सारण
सारण जिले में बीती रात से ही तेज मूसलाधार बारिश हो रही है. जिससे आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. जगह-जगह सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. दर्जनों वाहन चालक अपने-अपने वाहन के साथ जलजमाव में फंसे हुए हैं. सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर की बीते रात से ही बिजली काट दी गई है.
इन जिलों में येलो अलर्ट
पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, भोजपुर, बक्सर,औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, पटना, नालंदा, वैशाली, समस्तीपुर,मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, शिवहर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, भागलपुर, बांका, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, लखीसराय, शेखपुरा और नवादा में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि सिवान और सारण में रेड अलर्ट है.

मेघ गर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी
मौसम विभाग पटना के अनुसार सभी येलो अलर्ट वाले जिलों में तेज हवा, मेघ गर्जन और भारी बारिश समेत वज्रपात की संभावना है. यहां पर 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी.

मौसम विभाग ने जारी की एडवाइजरी
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि जलभराव और बाढ़ की स्थिति में ऊंचे स्थानों पर चले जाएं, जबकि बिजली के खुले तारों से दूर रहे और ठनका गिरते समय खुले मैदान और ऊंचे पेड़ों के पास खड़े ना हों.

यहां हुई सबसे ज्यादा बारिश
गोपालगंज में सबसे अधिक 49.5 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि हतास में 43मिलीमीटर, नवादा में 42.8 मिलीमीटर , सहरसा में 40 मिलीमीटर , अरवल में 36.8 मिलीमीटर , बांका में 36 मिलीमीटर, जमुई में 30.2 मिलीमीटर , गया में 28 मिलीमीटर और औरंगाबाद में 27.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है
क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य भाग में गहरा दबाव बन रहा है, जो धीरे-धीरे एक गहरा दबाव बन रहा है. ऐसे में इस सिस्टम से उठने वाली नमी वाली दक्षिणी हवा बिहार तक पहुंच रही है.


Leave a Reply