MUZAFFARPUR

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी किया 100 रुपए का सिक्का, सिक्के के पीछे भारत माता की तस्वीर

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को विशेष रूप से डिज़ाइन किया गया डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। यह कार्यक्रम दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतर्राष्ट्रीय केंद्र में आयोजित किया गया।

दरअसल, RSS की स्थापना वर्ष 1925 में नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा की गई थी। यह संगठन स्वयंसेवक आधारित सामाजिक और सेवा कार्यों के लिए जाना जाता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में संघ ने देशभर में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह डाक टिकट और सिक्का संघ के सेवा कार्यों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को सम्मान देने का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने कहा कि प्रकाशित डाक टिकट और स्मारक सिक्का संघ की इन सेवाओं का स्मरण और सम्मान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 1963 में गणतंत्र दिवस परेड में RSS स्वयंसेवकों ने भाग लिया था और राष्ट्रभक्ति की धुन पर कदमताल किया था। यह डाक टिकट उस ऐतिहासिक क्षण की स्मृति को संजोता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस डाक टिकट में उन स्वयंसेवकों की छवि भी है, जो लगातार देश और समाज की सेवा में समर्पित हैं।

स्मारक सिक्के की विशेषता बताते हुए पीएम मोदी ने जानकारी दी कि सिक्के की एक ओर राष्ट्रीय चिह्न अशोक स्तंभ अंकित है। दूसरी ओर भारत माता की भव्य छवि है, जो सिंह के साथ वरद मुद्रा में दिखाई देती हैं।

उनके सामने संघ के स्वयंसेवक समर्पण भाव से नमन करते दिखते हैं। यह पहली बार है जब किसी भारतीय मुद्रा पर भारत माता की छवि अंकित की गई है। सिक्के पर संघ का बोध वाक्य “राष्ट्राय स्वाहा, इदं राष्ट्राय इदं न मम” भी अंकित है।

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि संघ को मुख्यधारा से बाहर रखने के कई प्रयास हुए, गुरुजी (एमएस गोलवलकर) को झूठे आरोपों में जेल भेजा गया, लेकिन संघ ने कभी भी कटुता का रास्ता नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि संघ समाज से अलग नहीं, समाज का ही हिस्सा है। उसने लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं में हमेशा विश्वास बनाए रखा है। उन्होंने संघ को विराट वटवृक्ष की संज्ञा देते हुए कहा कि आज भी यह संगठन सामाजिक एकता और सेवा का प्रतीक बना हुआ है।

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.