MUZAFFARPUR

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बंपर बहाली, लाइब्रेरियन के इतने पदों पर होगी नियुक्ति

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक और खुशखबरी मिल सकती है। जानकारी अनुसार प्रदेश के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 4000 से अधिक लाइब्रेरियन की बहाली होगी। जल्द ही नोटिफिकेशन भी जारी हो सकता है।

दरअसल, बिहार के उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में लाइब्रेरियन के पदों पर बंपर बहाली की तैयारी चल रही है। शिक्षा विभाग को जिलों से सभी रिक्तियों का ब्योरा मिल चुका है और फिलहाल पदों का रोस्टर क्लियरेंस किया जा रहा है।

लाइब्रेरियन की बहाली जल्द 

जानकारी अनुसार जैसे ही रोस्टर क्लियर होगा। अधियाचन बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेजा जाएगा। इसके बाद आयोग आवेदन के लिए नोटिफिकेशन जारी करेगा। सूत्रों के मुताबिक, राज्य के विद्यालयों में लगभग 4000 लाइब्रेरियन के पद खाली हैं। इनकी नियुक्ति विद्यालय सहायक की तर्ज पर की जाएगी। इसके लिए हाल ही में राज्य सरकार ने बिहार विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष (नियुक्ति, स्थानांतरण, अनुशासनिक कार्रवाई एवं सेवा शर्त) नियमावली 2025 को मंजूरी दी है।

अभ्यर्थियों की योग्यता 

लाइब्रेरियन पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से लाइब्रेरी साइंस में स्नातक (Graduation) न्यूनतम 45% अंकों के साथ अनिवार्य है। SC, ST, पिछड़ा वर्ग, महिला, दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के उम्मीदवारों को 5% अंकों की छूट मिलेगी। उम्मीदवार को लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा पास करनी होगी।

आयु सीमा रहेगी जारी 

आयु सीमा की बात करें तो नियुक्ति वर्ष की पहली अगस्त को न्यूनतम 21 वर्ष होनी चाहिए। पहली बार लागू होने पर अधिकतम आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। अभ्यर्थी अधिकतम 5 बार ही इस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।

शिक्षा विभाग ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को इस पात्रता परीक्षा के आयोजन की जिम्मेदारी सौंपी है। माना जा रहा है कि अधियाचन भेजने के बाद BPSC भर्ती प्रक्रिया तेजी से शुरू करेगा।

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.