पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में बहुत ज्यादा समय नहीं है और इन दिनों नवरात्रि चल रही है. इसी बीच कई नेता मां दुर्गा की आराधना हर साल करते हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. ऐसे में चुनावी नैया पार कराने के लिए इस बार पूजा में नेताओं की सक्रियता कुछ ज्यादा ही दिख रही है.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से लेकर तेजस्वी यादव तक मां दुर्गा की आराधना में लगे हुए हैं. वहीं, राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि दुर्गा पूजा चुनाव से पहले नेताओं के लिए एक ऐसा अवसर है, जो एक बड़े वोटर वर्ग को अपनी पूजा के माध्यम से मैसेज दे सकता है, इसलिए नेता इस बार मां दुर्गा की पूजा में ज्यादा सक्रिय हैं.

ये मंत्री मां की आराधना में लीन
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, वरिष्ठ मंत्री प्रेम कुमार, विधायक संजीव चौरसिया और पूर्व मंत्री अश्विनी चौबे मां की आराधना में लगे हुए हैं. उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा तो अपने सरकारी आवास पर महाआरती का भी आयोजन करा चुके हैं. जिसमें बीजेपी के तमाम नेताओं के साथ-साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए थे. विजय सिन्हा नवरात्रि में अपने आवास पर फलाहार की भी विशेष व्यवस्था करवाते हैं.

मुख्यमंत्री नीतीश मां दुर्गा की भक्ति में रंगे
जदयू की बात करें तो जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सप्तमी के दिन से ही पटना में स्थापित मां दुर्गा के पंडालों में जाकर मां की आराधना कर रहे हैं. महाअष्टमी के दिन भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शीतला मंदिर, बड़ी पटन देवी और छोटी पटन देवी सहित आधा दर्जन पूजा पंडालों में जाकर मां की पूजा-अर्चना की है.

संजय झा और अशोक चौधरी भी पूजा में मग्न: जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी झंझारपुर स्थित अपने गांव में मां दुर्गा की पूजा में लीन हैं. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद लोकसभा का चुनाव तो करवा चुके हैं, अब विधानसभा चुनाव की भी बड़ी जिम्मेदारी है. बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बने इसके लिए संजय झा मां दुर्गा से आशीर्वाद के लिए आराधना में लगे हुए हैं. जदयू नेता अशोक चौधरी तो पूजा करने में सबसे आगे रहते हैं. उनके अलावा मंत्री महेश्वर हजारी, मंत्री शीला मंडल और मंत्री मदन सहनी भी पीछे नहीं हैं.

लालू परिवार भी मां दुर्गा की आराधना में नहीं रहता पीछे: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी मां की आराधना कर रहे हैं. तेजस्वी यादव ने कलश की स्थापना की है. लालू राबड़ी आवास में मां दुर्गा की प्रतिमा की भी स्थापना कई सालों तक होती रही है. विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की कमान तेजस्वी यादव के हाथों में है. अभी सीटों का बंटवारा होना है. कांग्रेस की ओर से भले ही मुख्यमंत्री पर सहमति नहीं बनी है, लेकिन मां दुर्गा की आराधना कर सभी संकट को दूर करने की कोशिश में तेजस्वी लगें हुए हैं.
मंत्रियों की बढ़ीं धड़कनें
प्रशांत किशोर ने जिस प्रकार से कई मंत्रियों पर आरोप लगाया है, उसके बाद सभी मंत्रियों की चुनाव से पहले धड़कनें बढ़ी हुई हैं और विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं. अशोक चौधरी तो तंत्र-मंत्र की पूजा भी करवाते हैं.


Leave a Reply