MUZAFFARPUR

बिहार में भारत-नेपाल बॉर्डर पर फिर से आवागमन शुरू, सीतामढ़ी के बाजारों में नेपाली लोगों की भीड़

सीतामढ़ी: नेपाल में सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगने के बाद शुरू हुए हिंसक आंदोलन में कई लोगों की मौत हुई थी. लेकिन अब सुशीला कार्की के प्रधानमंत्री बनने के बाद नेपाल में स्थिति सामान्य होती दिख रही है. लोग एक बार फिर अपने रोजमर्रा के कार्यों में व्यस्त हो गए हैं.

भारत-नेपाल सीमा पर फिर से आवागमन शुरू

नेपाल में स्थिति सामान्य होने के बाद भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में आवागमन दोबारा शुरू हो गया है. लोग पहले की तरह भारत-नेपाल सीमा पार कर आ-जा रहे हैं. हालांकि, नेपाल की ओर से बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था अभी भी कड़ी की गई है.

भारतीय बाजारों में नेपाली लोगों की भीड़

नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नेपाली नागरिक भारत के बाजारों में अपने दैनिक उपयोग के सामानों की खरीदारी करने आ रहे हैं। सोनबरसा बॉर्डर से लगे बाज़ारों में नेपाली नागरिक भारी संख्या में खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं.

दोनों देशों में मिल रहा सहयोग

भारत और नेपाल के बीच ‘बेटी और रोटी’ का संबंध ऐतिहासिक रहा है. यही संबंध दोनों देशों के बीच सामाजिक और आर्थिक सहयोग को मजबूत करता है.आंदोलन के बाद भी यह संबंध कमजोर नहीं पड़ा, बल्कि लोगों ने एक-दूसरे का साथ निभाया.

सरकारी संपत्ति को हुआ नुकसान

आंदोलन के समय कई नेपाली नागरिकों ने नेपाल पुलिस और सरकारी भवनों को आग के हवाले कर दिया था. चौकियों को जला दिया गया था, जिससे सरकार की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा था, लेकिन अब स्थिति शांत है और सरकार पुनर्निर्माण में जुटी है.

नेपाल के सैनिक कर रहे हैं पुनर्निर्माण

अब नेपाल की सीमा पर तैनात सैनिक जली हुई चौकियों की मरम्मत करते देखे जा सकते हैं. सरकार की ओर से इन चौकियों को फिर से स्थापित करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि सीमा सुरक्षा को पुनः सशक्त किया जा सके.

नेपाल में सख्ती

नेपाली नागरिकों ने बताया कि भारत की सीमा पर तैनात भारतीय जवान खरीदारी के दौरान उन्हें परेशान नहीं करते हैं, लेकिन नेपाल की ओर से सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें कई बार रोक-टोक और जांच-पड़ताल का सामना करना पड़ता है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.