MUZAFFARPUR

राहुल ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री घोषित नहीं किया, मन में तकलीफ होगी.., बोले चिराग पासवान

बिहार : बिहार में विधानसभा चनाव को लेकर हलचल तेज है। चुनावी माहौल के बीच नेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर हैं। इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने तेजस्वी यादव की इस यात्रा पर निशाना साधा है। चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस से इनको (तेजस्वी यादव) को सम्मान नहीं मिला। ये तो राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने चले गए थे। इसके बाद भी वो इन्हें मुख्यमंत्री का उम्मीदवार घोषित कर नहीं गए। ऐसे में स्वाभाविक है कि इस बात की तकलीफ इनके मन में होगी।

यह युवाओं को नौकरी देने की बात कर रहे हैं। इनसे पूछिए ना कि किनके कार्यकाल में युवा बिहार को छोड़ कर जाने के लिए मजबूर हुए। देश के इतिहास में अगर सबसे ज्यादा पलायन किसी राज्य या किसी कालखंड में हुआ तो वो इन्हीं के कालखंड में हुआ। 90 के दशक में बिहार के युवाओं को बिहार छोड़ कर जाने के लिए मजबूर किया गया। आज अगर ये युवाओं की बात कर रहे हैं तो इन्हें पहले उस वक्त का जवाब देने की जरुरत है।

कांग्रेस के AI वीडियो पर भी बोले चिराग पासवान

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर बनाए गए AI वीडियो पर पटना हाईकोर्ट के फैसले का भी स्वागत किया। पटना उच्च न्यायालय ने अपने आदेश में कहा है कांग्रेस ऐसे वीडियो को तुरंत हटाए। चिराग पासवान ने वीडियो को लेकर कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि इस तरह के वीडियो को उचित नहीं ठहराया जा सकता है जिसमें किसी की स्वर्गीय मां शामिल किया जाए। आखिर किस मंशा से वो किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं।

बहरहाल आपको बता दें कि तेजस्वी यादव अभी बिहार अधिकार यात्रा पर हैं। इस यात्रा के तहत तेजस्वी यादव उन विधानसभाओं में जा रहे हैं जो विधानसभा वोटर अधिकार यात्रा में कवर नहीं हो सके थे। 16 सितंबर को जहानाबाद से इस रैली की शुरुआत हुई थी। 20 सितंबर को वैशाली में यात्रा का समापन होगा।

कांग्रेस को आंखें दिखा रहे हैं तेजस्वी – उमेश सिंह कुशवाहा

इधर बिहार जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की कथित ‘बिहार अधिकार यात्रा’ पर निशाना साधते हुए कहा कि तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कांग्रेस के विरोधाभासी रवैये से हताशा में हैं और जनता के बीच भ्रम फैलाने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं। उमेश कुशवाहा ने बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस का विरोधाभासी रवैया तेजस्वी यादव को राजनीतिक हताशा और निराशा में डाल चुका है, इसलिए वे अब यात्रा के बहाने अपने सहयोगी दल कांग्रेस को ही आंखें दिखा रहे हैं।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद द्वारा महागठबंधन के अन्य सहयोगी दलों को दरकिनार कर अकेले यात्रा पर निकलना स्पष्ट संकेत है कि विपक्षी गठबंधन में स्वार्थ की गांठ उभर चुका है और सभी पार्टियां एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि जिस गठबंधन में अविश्वास की इतनी गहरी खाई हो, वह जनता का विश्वास कभी हासिल नहीं कर सकता।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.