बिहार : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बिहारवासियों को एक के बाद एक बड़ी सौगात मिल रही है। नीतीश सरकार एक के बाद बड़ी सौगात दे रहे हैं। इसी कड़ी में नवगछिया की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। मकनपुर चौक से अनुमंडल अस्पताल तक लगभग एक किलोमीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनकर तैयार हो गया है।

पीएम सीएम करेंगे उद्घाटन
यह ओवरब्रिज 52 करोड़ रुपये की लागत से रेल मंत्रालय और बिहार सरकार के संयुक्त सहयोग से बनाया गया है। इसका उद्घाटन 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। फिलहाल ब्रिज पर फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। कंपनी के कर्मी दिन-रात जुटे हैं ताकि निर्धारित समय पर जनता को यह सुविधा मिल सके।

जाम की समस्या होगी खत्म
ओवरब्रिज के शुरू होने से रेलवे फाटक पर घंटों फंसे रहने की समस्या खत्म होगी। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में होने वाली दिक्कत दूर होगी और व्यापारियों व स्थानीय बाजार को भी बड़ी राहत मिलेगी। इससे कारोबार और आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आने की उम्मीद है।

नवगछिया में खुशी की लहर
नवगछिया वासियों में इस विकास कार्य को लेकर खुशी की लहर है। जिला प्रशासन भी उद्घाटन समारोह की तैयारियों में सक्रिय है। स्थानीय लोग इसे नवगछिया के विकास की दिशा में मील का पत्थर मान रहे हैं।



Comment here