मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा के सिंहेश्वर थाने के थानाध्यक्ष रौशन कुमार को अनुशासनहीनता और कर्तव्यहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई उनकी पोस्टिंग के महज आठ दिन बाद की गई है. पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.

सिंहेश्वर थानेदार निलंबित
एक सितंबर 2025 को रौशन कुमार की प्रतिनियुक्ति सिंहेश्वर थाने में की गई थी, लेकिन नौ सितंबर को आयोजित अपराध गोष्ठी में उन्होंने खुले तौर पर सिंहेश्वर थाने में कार्य करने से इंकार कर दिया. जब एसपी ने उनसे इसका कारण पूछा, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.

‘मेरा इस थाने में मन नहीं लगता’
रौशन कुमार ने कहा कि सर, मैं सिंहेश्वर थाने में काम नहीं करना चाहता हूं. मेरा इस थाने में मन नहीं लगता है. इसलिए मुझे इस थाने से हटा दिया जाए और दूसरी जगह पदस्थापित किया जाए.
एसपी ने दी चेतावनी
पुलिस नियमों के अनुसार हर पदाधिकारी को दी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन करना अनिवार्य है. एसपी ने चेतावनी दी कि ऐसी प्रवृत्तियों को अनदेखा करने से पुलिस बल में अनुशासनहीनता को बढ़ावा मिलेगा, इसलिए रौशन कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया है.

पुलिस महकमे में हलचल
निलंबन की अवधि में उन्हें केवल जीवन-यापन भत्ता मिलेगा. उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र सिंहेश्वर निर्धारित किया गया है. इस कार्रवाई ने मधेपुरा पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है. नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है.



Leave a Reply