पटना: बिहार लोक सेवा आयोग यानी BPSC की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. आगामी 13 सितंबर 2025 (शनिवार) को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक यह परीक्षा राज्य के विभिन्न जिलों में आयोजित की जाएगी. आयोग ने इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

गया और बापू परीक्षा परिसर बाहर
इस बार गया जिले में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं. कारण यह है कि परीक्षा की तारीख के आसपास वहां पितृपक्ष मेला आयोजित होता है, जिसमें लाखों की भीड़ उमड़ती है. सुरक्षा और प्रशासनिक दृष्टिकोण से ऐसी भीड़भाड़ में परीक्षा कराना मुश्किल था. वहीं पटना का बापू परीक्षा परिसर भी इस बार की सूची से बाहर रखा गया है.

70वीं परीक्षा में पायी गई थी गड़बड़ी
पिछली 70वीं परीक्षा में इसी केंद्र को लेकर गड़बड़ियों और अव्यवस्था की शिकायतें आई थीं. इसके बाद आयोग ने इस केंद्र पर परीक्षा न कराने का निर्णय लिया. आयोग का कहना है कि पारदर्शिता और निष्पक्षता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है.

विशेष सुविधाएं और व्यवस्थाएं
आयोग ने दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले में ही परीक्षा केंद्र आवंटित किया है. महिला अभ्यर्थियों के लिए भी सुविधा का ध्यान रखते हुए अधिकतर को उनके गृह जिले या नजदीकी जिलों में ही परीक्षा केंद्र दिए गए हैं. परीक्षा की उत्तरपुस्तिका और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को लेकर सख्त इंतजाम किए गए हैं. हर केंद्र पर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी.

‘तीसरी आंख से होगी निगरानी’
साथ ही CCTV निगरानी और उड़न दस्तों की भी व्यवस्था की गई है. BPSC के सचिव एवं परीक्षा नियंत्रक सत्य प्रकाश शर्मा ने साफ कहा है कि आयोग निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें.
एडमिट कार्ड और दिशा-निर्देश
परीक्षा का एडमिट कार्ड 6 सितंबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध हो जाएगा. इसमें अभ्यर्थियों को केंद्र, समय और अन्य दिशा-निर्देश बताए गए हैं. आयोग ने चेतावनी दी है कि मोबाइल, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, ब्लूटूथ या किसी भी तरह के गैजेट्स को परीक्षा केंद्र के भीतर ले जाना पूरी तरह वर्जित है.



Leave a Reply