MUZAFFARPUR

पूर्णिया से अहमदाबाद की फ्लाइट 15 सितंबर से, स्टार एयर ने टिकट बुकिंग शुरू की; जानें किराया

पूर्णिया : बिहार के पूर्णिया एयरपोर्ट से अहमदाबाद की फ्लाइट 15 सितंबर से शुरू हो रही है। विमानन कंपनी स्टार एयर ने इसकी घोषणा कर दी है। पूर्णिया और अहमदाबाद के बीच विमान सेवा की टिकट बुकिंग भी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को ही पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस दिन स्टार एयर की फ्लाइट दोपहर सवा 12 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरेगी और 2.45 बजे पूर्णिया हवाई अड्डा पर लैंड करेगी। वहीं, पूर्णिया से यह फ्लाइट दोपहर में 3.15 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होगी।

पूर्णिया से अहमदाबाद का फ्लाइट किराया 5800 रुपये से शुरू है। स्टार एयर इस रूट पर शुरुआत में सप्ताह में तीन दिन उड़ान संचालित करेगा। पूर्णिया से हर सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को अहमदाबाद के लिए फ्लाइट मिलेगी। 15 सितंबर को उद्घाटन स्पेशल के रूप में यह उड़ान संचालित होगी। इसके बाद 29 सितंबर से इसका नियमित संचालन किया जाएगा।

पूर्णिया एयरपोर्ट का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। नवनिर्मित अंतरिम टर्मिनल को फाइनल टच दिया जा रहा है। साथ ही संपर्क सड़क एवं अन्य कार्यों को भी 10 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सभी काम पूरे होने के बाद डीजीसीए से विमानों के संचालन का अप्रूवल लिया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 15 सितंबर को बिहार दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन कर यहां से हवाई सेवा की शुरुआत करेंगे। पूर्णिया एयरपोर्ट के चालू होने से आसपास के पूरे सीमांचल क्षेत्र के अलावा पश्चिम बंगाल और नेपाल तक के लोगों को सहूलियत होगी। कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया समेत अन्य जिलों के लोगों को देशभर से डायरेक्ट फ्लाइट मिल जाएगी। अभी यहां के लोगों को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट जाना पड़ता है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.