बिहार : 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है, और हर वर्ष की तरह इस बार भी भारतीय जनता पार्टी इसे “सेवा पखवाड़ा” के रूप में मनाने जा रही है। यह कार्यक्रम 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार यह आयोजन बिहार में विशेष महत्व रखता है, क्योंकि राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस से बात करते हुए बताया कि इस बार सेवा पखवाड़ा के दौरान पार्टी “महा संपर्क अभियान” भी चलाएगी, जिसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को बताएंगे।

राजद ने रची बदनाम करने की साजिश
दिलीप जायसवाल ने विपक्ष, खासकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को आयोजित बिहार बंद को बदनाम करने के लिए राजद ने एक सोची-समझी साजिश रची। जायसवाल ने दावा किया, “मुझे जानकारी मिली है कि आठ गाड़ियों से अलग-अलग स्थानों पर लोगों को भेजा गया और बंद के दौरान बनाए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, ताकि पूरे आंदोलन को बदनाम किया जा सके।”

कांग्रेस और राजद को ‘मजा’ देता बिहार का अपमान
इस पूरे विवाद पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने भी कांग्रेस और राजद को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के देशभर के नेता और राजद के बिहार के नेता, सभी को बिहार और बिहारी के अपमान में मजा आता है। ये लोग बिहार के गौरव को चोट पहुंचाने में गर्व महसूस करते हैं। लेकिन बिहार की जनता अब चुप नहीं रहेगी और इन्हें सबक सिखाएगी।” उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि बार-बार बिहार का अपमान करने की कीमत कांग्रेस और राजद को चुकानी पड़ेगी।





Comment here