पटना : केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को एक दिन के बिहार दौरे पर पटना में मौजूद रहे. शिवराज सिंह ने किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को जाना. बापू सभागार में शिवराज सिंह मंच से सीधे उतरकर किसानों के बीच चले गए और एक-एक कर किसानों की समस्या पूछने लगे. किसानों ने भी बेपरवाह होकर केंद्रीय कृषि मंत्री को अपनी समस्याओं से रूबरू कराया. इस दौरान कई किसानों ने खाद के साथ नैनो बोतल जबरदस्ती थमाने की शिकायत की.

किसान उत्सव दिवस का आयोजन
बता दें कि पीएम ने वाराणसी से 9.7 करोड़ किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना की 20वीं किस्त जारी की. इसको लेकर पटना स्थित बापू सभागार में किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया. इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान मौजूद रहे. बिहार के 74 लाख किसानों के खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त 2-2 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए.

किसानों के बीच शिवराज सिंह चौहान
कृषि कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हम किसानों के खाते में सीधे पैसा डाल रहे हैं. बिहार के किसान का दाल हम न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदेंगे. इसके अलावे किसान दिल्ली में भी सब्जी बेच सकेंगे भाड़ा केन्द्र सरकार वहन करेगी. केंद्र की सरकार धन धान्य योजना भी शुरू करने जा रही है.

किसान ने कही ये बात
भोजपुर से आए किसान धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में काम हो रहा है. खाद के क्षेत्र में दिक्कत है. हमने शिकायत की है तो मंत्री जी ने कहा कि खाद जिस रेट में है, उसी में मिलेगा. उसके साथ कोई बोतल नहीं मिलेगा.

‘किसानों को कोई नहीं कर सकता मजबूर’
किसानों की शिकायत सुन कृषि मंत्री भड़क गए और अधिकारियों से कहा कि इस पर कार्रवाई करें. किसानों को कोई भी मजबूर नहीं कर सकता है. खाद के स्थान पर कुछ और जो देगा, सख्त कार्रवाई की जाएगी. खाद की कालाबाजारी को रोकने के लिए भी किसानों को शिवराज सिंह चौहान ने निर्देशित किया. कृषि मंत्री ने कहा कि जो कोई खाद की कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाएंगे उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.
किसानों के लिए पेंशन का भी प्रावधान
शिवराज ने कहा कि ” अनेक योजनाएं सरकार किसानों का आय बढ़ाने के लिए चल रही है. इसमें बिहार सरकार योगदान दे रही है.यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में किसानों के लिए पेंशन का भी प्रावधान किया गया है.

2 लाख करोड़ की फर्टिलाइजर सब्सिडी
कृषि मंत्री आगे बताया, इसके अलावा, लगभग 2 लाख करोड़ की फर्टिलाइजर सब्सिडी भी भारत सरकार किसानों को प्रदान कर रही है. केसीसी और अन्य संस्थाओं की ओर से भी किसानों को करीब 25 लाख करोड़ रुपए मिल रहे हैं. कृषि क्षेत्र में यह वृद्धि हो रही है. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत, यह योजना 2016 में शुरू हुई, अब तक 1,83,000 करोड़ रुपए किसानों के खाते में भेजे गए हैं.
किसानों को दिलाई शपथ
भारतीय अर्थव्यवस्था को ताकत देने के लिए केंद्र सरकार लगातार कोशिश कर रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों को देश में बनी हुई वस्तुओं का उपयोग करने का आह्वान किया तो केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री ने भी लोगों से स्वदेशी को अपनाने का अनुरोध किया. शिवराज सिंह चौहान ने बापू सभागार में मौजूद किसानों और महिलाओं को शपथ भी दिलाई.

राखी को लेकर शिवराज की बड़ी अपील
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए किसानों को भी आगे आना पड़ेगा. तमाम किसान भाई-बहन अब यह ठान लें कि देश में बनी वस्तुओं का ही हम उपयोग करेंगे. किसान बहनों से कृषि मंत्री ने कहा कि अब राखी का त्यौहार नजदीक है और बहनों को अपने देश और गांव में बनी राखियों को ही भाई के कलाई पर बांधनी चाहिए.

‘देसी उत्पाद को अपनाएं किसान’
कृषि कल्याण मंत्री ने कहा कि हमारे किसान भाई-बहन देश की जरूरत को समझते हैं और हम किसी के दबाव में झुकने वाले नहीं हैं. तमाम किसान भाई-बहन से हमारा अनुरोध है कि अपने देश अपने गांव और अपने शहर में निर्मित वस्तुओं का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करें. कृषि मंत्री ने कहा कि देसी उपयोग से हमारे किसान भी सशक्त होंगे और देश भी मजबूत होगा.

कांग्रेस और आरजेडी पर हमला
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस और आरजेडी के काल में कोई भी सहायता राशि नहीं दी जाती थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए की सरकार हमेशा किसानों के हित में सोचती है. भारत सरकार किसानों के कल्याण में कोई कसर नहीं छोड़ रही है, और बिहार सरकार भी किसानों के कल्याण में लगी हुई है. यह डबल इंजन की सरकार है, जो किसानों के हित में कार्य कर रही है.



Leave a Reply