पटना: बिहार के पटना जिले के पुनपुन में मखदुमपुर स्थित श्रीलाल बहादुर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 100 बच्चे शुक्रवार को स्कूल में उपस्थिति बनाकर कोचिंग करने चले गए। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम जब अचानक स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे तो बच्चों को नहीं देख इसका कारण पूछा। स्कूल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि बच्चे हाजिरी बनाकर कोचिंग में पढ़ाई करने चले गए हैं। डीएम ने कहा कि यह गंभीर मामला है। उन्होंने ने पुनपुन के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) पर कार्रवाई और उनका स्थानांतरण करने के लिए डीईओ को प्रस्ताव देने को कहा है।



सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
डीएम ने परसा-सम्पतचक सड़क के एलाइनमेंट एवं मीठापुर-महुली से परसा-सम्पतचक सड़क के रैम्प के भू-अर्जन कार्यों का निरीक्षण किया तथा पदाधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनपुन एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान कई घोषणाएं की गई हैं।

लगभग 331 करोड़ रुपये की लागत राशि से पथ निर्माण विभाग द्वारा 6.80 किलोमीटर में परसा-सम्पतचक सड़क के चौड़ीकरण की कार्रवाई की जा रही है। इससे पुनपुन एवं संपतचक क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी तथा इस क्षेत्र के लगभग 10 लाख आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

पटना शहर में विशेषकर नए बायपास पर जाम की समस्या समाप्त होगी। राज्य सरकार द्वारा दीदारगंज से गौरीचक होते हुए पुनपुन तक तटबंध पथ (कुल लंबाई 23.30 किमी) का एनएचएआई से चौड़ीकरण कराने के लिए भारत सरकार से अनुरोध किया गया है। इस सड़क के बन जाने से दो राष्ट्रीय राजमार्ग (पटना-मोकामा हाईवे तथा पटना-गया हाईवे) आपस में जुड़ जायेंगे।

पटना सिटी, फतुहा, सम्पतचक, पुनपुन, फुलवारीशरीफ के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा तथा पूरे क्षेत्र का विकास होगा। पुनपुन प्रखंड के ग्राम रसूलपुर में मोरहर नदी पर पुल का निर्माण किया जायेगा। इससे बाढ़ की अवधि में जन-जीवन कुप्रभावित नहीं होगा।





Leave a Reply