मुजफ्फरपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान किए गए अपने विकास कार्यों की आधारशिला रखने गुरुवार को मुजफ्फरपुर आ रहे हैं। इस दौरान वे रामदयालुनगर में बननेवाले रेल ओवरब्रिज सहित सड़कों के चौड़ीकरण, उच्च स्तरीय आरसीसी पुल सहित कई अन्य योजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री दस बजे शहर के भगवानपुर चौक के पास बनाए गए शिलान्यास स्थल पर पहुंचेंगे। यहां से वे 574.16 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल सात योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। मिली जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार रामदयालुनगर को जाम से मुक्ति दिलानेवाले आरओबी के निर्माण कार्य के अलावा रामदयालुनगर-चांदनी चौक और चांदनी चौक-बखरी सड़क के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास करेंगे।

इनका निर्माण कार्य पूरा होने के साथ शहर को जाम से पूरी तरह से मुक्ति मिल जाएगी। इसके अलावा शहर के भीतरी इलाकों के जाम की समस्या को दूर करने के लिए चंदवारा ब्रिज के एप्रोच पथ के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखेंगे।

इसका निर्माण पूरा होने के साथ शहर के अखाड़ा घाट पुल पर दबाव कम हो जाएगा। साथ ही शहर के अंदरूनी और पूर्वी इलाकों के लोगों को चंदवारा पुल होते हुए दरभंगा फोरलेन (एनएच 57) से जुड़ने में आसानी हो जाएगी। इससे शहर के मध्य और पश्चिमी इलाके में यातायात का भार कम होगा।

मधुरपट्टी में गई थी 11 बच्चों की जान
मुख्यमंत्री गायघाट प्रखंड के मधुरपट्टी में उच्च स्तरीय आरसीसी पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत के लिए आधारशिला रखेंगे। इस पुल के बन जाने से बाढ़ के दिनों में अब लोग नाव की जगह अपने वाहन से दरभंगा के लिए एनएच 57 और समस्तीपुर के लिए आसानी से सालों भर आवागमन कर सकेंगे। यह वहीं जगह हैं जहां दो साल पहले नाव से नदी पार कर स्कूल जा रहे 11 बच्चों की मौत नाव पलटने से हो गई थी। इसके अलावा सीएम शिवहर-मीनापुर-कांटी पथ के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के कार्य का शिलान्यास करेंगे।







Leave a Reply