MUZAFFARPUR

मुजफ्फरपुर में ट्रेन से क’टकर युवक की मौ’त, ड्यूटी पर जाते वक्त हादसा; जांच में जुटी पुलिस

मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी थाना क्षेत्र में ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई। घटना कांटी पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास की है, जहां ट्रैक के नीचे से युवक का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर वह ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक की पहचान कपरपूरा तरमा गांव निवासी 17 वर्षीय अमित कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई है। मौके से पुलिस को एक बैग, खाना का टिफिन और एक साइकिल बरामद हुई है। रेल पुलिस और कांटी थाना की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिजनों को सोशल मीडिया से मिली जानकारी

मृतक के परिजन संजय कुमार ने बताया कि गोलू अहियापुर थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित एक भुजिया फैक्टरी में काम करता था। वह रोजाना की तरह आज सुबह भी साइकिल से ड्यूटी के लिए निकला था और अपने साथ टिफिन भी ले गया था। कुछ घंटों बाद उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मौत की जानकारी मिली। घटना से परिवार में मातम पसरा है।

पुलिस ने दी जानकारी
कांटी थाना प्रभारी रविकांत पाठक ने बताया कि सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि रेल ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसमें मृतक की पहचान अमित कुमार उर्फ गोलू के रूप में हुई।

परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे मौके पर पहुंच रहे हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रैक पार करते समय हुए हादसे का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.