बेगूसराय: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर घमासान मचा हुआ है. विपक्ष इसे केंद्र की एनडीए सरकार की साजिश बता रहा है. वहीं अब इसको लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि तेजस्वी आशंका जता रहे हैं कि उनकी पत्नी का नाम भी मतदाता सूची से कट सकता है. ऐसे में वह जानना चाहते हैं कि पहले तो इस बात की जांच होनी चाहिए कि राजश्री यादव कैसे बिहार की वोटर बनीं हैं?

‘तेजस्वी ने पत्नी का नाम क्यों बदला?’
गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर हमला करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष खुद को समाजवादी कहते हैं लेकिन ये कैसा समाजवाद है, जहां शादी के बाद अपनी पत्नी का नाम ही बदल दिया. उन्होंने कहा कि तेजस्वी की पत्नी राजश्री क्रिश्चियन हैं. इसलिए उनका नाम बदल दिया गया. ऐसे में वह जानना चाहते हैं कि इसकी क्या जरूरत थी. क्या क्रिश्चियन होना गुनाह है?

तेजस्वी की पत्नी की वोटर लिस्ट की जांच हो’
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव लगातार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण का विरोध कर रहे हैं. वह तो जानना चाहते हैं कि उनकी पत्नी का नाम कैसे बिहार के वोटर लिस्ट में कैसे जुड़ा, इसकी जांच होनी चाहिए. जहां तक ‘आधार’ को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है तो विपक्षी नेताओं को पता होना चाहिए कि आधार पर लिखा हुआ है कि ये नागरिकता को प्रमाणित नहीं करता है.

विपक्ष की आपत्ति का कोई मतलब नहीं
बीजेपी नेता ने कहा कि विपक्ष मतदाता सूची पुनरीक्षण से डर क्यों रहा है? क्या घुसपैठियों और रोहिंग्या को भारत का नागरिक बना देना चाहिए? उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने 1986 से पहले जन्म लिया है, उसे इलेक्शन कमीशन ने भारत का नागरिक माना है. ऐसे में सवाल उठाने को कोई मतलब नहीं है. तेजस्वी यादव हों या राहुल गांधी, इनके चिल्लाने से यह नहीं रुकने वाला है.

अपराध पर क्या बोले गिरिराज?
वही, कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या और बढ़ते अपराध पर गिरिराज सिंह ने कहा कि एक साजिश के तहत बिहार सरकार को बदनाम करने की कोशिश हो रही है. उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है. यही वजह है कि अपराधियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होती है. अपराधियों को बचाने का काम तो लालू यादव के जंगल राज में होता था. तेजस्वी यादव भूल गए हैं कि उनके माता-पिता की सरकार में बिहार में कानून-व्यवस्था का क्या हाल था?


क्या है राजश्री का असली नाम?
तेजस्वी यादव ने दिसंबर 2021 में अपने बचपन की दोस्त राजश्री से दिल्ली में शादी की थी. हालांकि उनका असली नाम रेचल गोडिन्हो था लेकिन शादी के बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने रेचल से नाम बदलकर राजश्री यादव कर दिया. वह मूल रूप से हरियाणा के रेवाड़ी की रहने वाली हैं. वह एयर-होस्टेस रह चुकी हैं और नई दिल्ली के आरके पुरम में डीपीएस में तेजस्वी के साथ पढ़ाई की हैं.


Leave a Reply