पटना: बिहार में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राज्य की सियासत में गर्मी बढ़ती जा रही है. राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वार भी तेज हो गया है.

इसी कड़ी में शनिवार सुबह पटना के व्यस्त इनकम टैक्स चौराहे के पास एक विवादित पोस्टर ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. पोस्टर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके बेटे सह विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव को भैंस पर बैठे हुए दिखाया गया है.

लालू-तेजस्वी का विवादित पोस्टर
पोस्टर में तेजस्वी यादव भैंस की गर्दन के पास बैठे हैं, जबकि उनके पिता लालू यादव पीछे बैठे हुए हैं और उनके मुंह में घास नजर आ रही है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पोस्टर में लिखा गया है- “मेरा बाप चारा चोर, मुझे वोट दो.”

RJD समर्थकों में नाराजगी
यह वाक्य स्पष्ट रूप से राजद परिवार पर हमला करते हुए व्यंग्यात्मक रूप से तैयार किया गया है. हालांकि, यह पोस्टर किसने लगाया, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है. लेकिन इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है और राजद समर्थकों में नाराजगी देखी जा रही है.

क्या बोले सम्राट चौधरी?
इस विवादास्पद पोस्टर पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों ने जब बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से प्रतिक्रिया मांगी तो उन्होंने सीधा बयान देते हुए कहा, “लालू यादव को सुप्रीम कोर्ट ने प्रतिबंधित अपराधी घोषित किया है. सम्राट चौधरी के बयान ने विवाद को और हवा दे दी है. हालांकि राजद की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

जमाई पोस्टर को लेकर गरमायी थी सियासत
बिहार की सियासत में इस तरह के पोस्टर वार नई बात नहीं है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणियों और परिवार को निशाना बनाना चुनावी माहौल को और तनावपूर्ण बना रहा है.

बीते दिनों बिहार में विभिन्न आयोगों के गठन में एनडीए से संबंधित राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं के दामाद की जिस प्रकार एंट्री हुई है, उस पर राजद ने भी कई पोस्ट शहर की चौक चौराहों पर लगाए हैं.

बिहार में चुनाव से पहले पोस्टर वार
पोस्टर में एनडीए नेताओं पर व्यक्तिगत हमले भी हुए हैं और राजद की ओर से दामाद आयोग बनाने की टिप्पणी भी की गई थी. आने वाले दिनों में इस तरह की राजनीतिक बयानबाजियों के और तेज होने की संभावना जताई जा रही है.




Leave a Reply