MUZAFFARPUR

पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले तेजस्वी ने रखे 12 सवाल, छठे सवाल से JDU में खलबली!

पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 20 जून को बिहार दौरे पर हैं. पीएम मोदी सिवान में जनसभा को संबोधित करेंगे और कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. विपक्ष उनके दौरे से पहले हमलावर है और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम से 12 सवाल पूछे हैं. तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए एनडीए सरकार को आड़े हाथों लिया.

तेजस्वी का पीएम पर हमला

तेजस्वी यादव हर बार की तरह इस बार भी पीएम मोदी के दौरे से पहले हमलावर नजर आ रहे हैं. 20 जून सुबह लगभग 9 बजे उन्होंने पीएम के सामने सोशल मीडिया एक्स के माध्यम से सवालों की लंबी फेहरिस्त रख दी है. तेजस्वी ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी, सुना है झूठ और जुमलों की बारिश करने आज फिर आप बिहार आ रहे हैं. इस अवसर पर आपसे कुछ सवाल है, आशा है आप आज इनका जवाब अवश्य ही अपने भाषण देंगे.

खुद का भाषण सुन होगी शर्मिंदगी’

उन्होंने कहा कि आप (पीएम मोदी) विगत चुनावों में झूठ की चाशनी में लिपटी 𝟐𝟎𝟎 से अधिक रैलियों को संबोधित कर बिहारियों को भ्रमित करने के सारे पैमाने तोड़ चुके है. हमारा विनम्र आग्रह है कि बिहार आने से पहले आप अपने पूर्व के भाषणों और वादों का अवलोकन व विश्लेषण करें. मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि आप स्वयं के भाषण सुन शर्मिंदगी के चलते खुद से ही बात नहीं कर पाएंगे? क्या आप इस आग्रह को स्वीकार करेंगे?

20 वर्षों के शासन का हिसाब’

तेजस्वी ने पीएम मोदी से दूसरा सवाल किया कि क्या आप फिर 𝟐𝟎𝟏𝟓 से निरंतर की जा रही घोषणाओं के दिखावटी शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ की पुनरावृत्ति करेंगे? तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में बिहार में 20 वर्षों से एवं केंद्र में 11 वर्षों से एनडीए की सरकार से काम का हिसाब मांगा है.

तेजस्वी यादव ने लिखा है कि क्या आप बिहारवासियों को स्पष्टीकरण देंगे कि बिहार में 𝟐𝟎 वर्षों से एवं केंद्र में 𝟏𝟏 वर्षों से 𝐍𝐃𝐀 की डबल इंजन पॉवर्ड सरकार रहने के बावजूद आपके अपने नीति आयोग एवं भारत सरकार की अनेक मानक एजेंसियों की रिपोर्ट में बिहार गरीबी, बेरोजगारी, प्रति व्यक्ति आय, निवेश, साक्षरता दर एवं औद्योगीकरण में देश में सबसे फिसड्डी राज्य क्यों है?

‘लालू के विकास कार्यों का करेंगे जिक्र?’: क्या आप सारण प्रमंडल वासियों को बतायेंगे कि श्री लालू प्रसाद जी ने इस प्रमंडल में असंख्य विकास कार्यों सहित जेपी विश्वविद्यालय की स्थापना, तीन बड़े रेलवे कारखाने स्थापित किए थे? मढ़ौरा में लालू जी द्वारा स्थापित रेल इंजन कारखाने से अब विदेशों में भी इंजन भेजे जा रहे है?

‘एनडीए का शासन राक्षस राज’: तेजस्वी यादव ने बिहार में बिगड़ते हुए कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए लिखा है कि क्या आप बिहारवासियों को बतायेंगे कि 𝐍𝐃𝐀 के 𝟐𝟎 वर्षों के शासनकाल में 𝟔𝟓,𝟎𝟎𝟎 से अधिक निर्दोष लोगों की हत्याएं हुई है? 𝟐𝟓,𝟎𝟎𝟎 लड़कियों के साथ दुष्कर्म हुए है? क्या आप 𝐍𝐃𝐀 के राक्षसराज की यह उपलब्धि बताने में शरमायेंगे या इसे भूल जाएंगे?

तेजस्वी का पीएम से छठा सवाल : क्या आप देशवासियों को बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की अचेत अवस्था की जानकारी देंगे जैसे कि आप ओडिशा के तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक जी के बारे में बताते थे? तेजस्वी ने सातवें सवाल में पूछा है कि क्या आज की रैली में आप 𝐍𝐃𝐀 (नेशनल दामाद आयोग) में मनोनीत गठबंधन के जमाईयों को सम्मानित करेंगे?

वीआईपी इलाके में फायरिंग पर तेजस्वी का सवाल :क्या आप बिहार की ध्वस्त विधि व्यवस्था के चलते मुख्यमंत्री आवास और राज भवन के बाहर होने वाली गोलीबारी की घटनाओं की निंदा करने का साहस जुटायेंगे या सुविधाजनक तरीके से 𝟐𝟎 वर्षों की सरकार की विफलता को नजरअंदाज करते हुए इसके लिए त्रेता अथवा द्वापर युग में विचरण करते हुए विपक्षियों को कोसेंगे?

बिहार में भ्रष्टाचार का आरोप

तेजस्वी यादव ने बिहार में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर लिखा है कि क्या आप 𝟐𝟎 वर्षों की 𝐍𝐃𝐀 सरकार में हुए 𝟐 लाख करोड़ से अधिक की लूट के 𝟏𝟎𝟎 से ज्यादा घोटालों को गिनायेंगे? सनद रहे पूर्व में आप नीतीश कुमार जी के 𝟑𝟑 घोटालों को तो स्वयं अपने मुखारविंद से गिना चुके है? क्या आप अपने मुखारविंद से गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, रिश्वत खोरी, पलायन, पेपर लीक और डोमिसाइल नीति जैसे दिव्य, विचारपूर्ण और ज्वलंत मुद्दों का जिक्र करेंगे?

‘गरीबों को किया जा रहा प्रताड़ित

प्रचंड गर्मी में कई जिलों के कर्मचारियों को भीड़ लाने के लिए 𝐍𝐃𝐀 सरकार प्रताड़ित क्यों कर रही है? क्या आप नहीं जानते कि आशा कार्यकर्ता, ममता, आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका, जीविका दीदी, विकास मित्र, किसान सलाहकार, तालीमी मरकज़, शिक्षा मित्र, टोला सेवक, शिक्षक इत्यादि पर प्रशासन का अपने खर्चे से भीड़ लाने का दबाव है? आपकी रैली के लिए गरीब इतने कम मानदेय में कैसे गाड़ी का प्रबंध करेंगे? प्रशासन और आपकी रैली के आयोजनकर्ता गरीब कर्मचारियों से गाड़ी के ड्राइवर और गाड़ी का नंबर मांग कर उनको आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित क्यों कर रहे हैं.

पंचायती करने वाला ट्रंप..’

सिवान में क्या आप बतायेंगे कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों एवं आतंकियों के संरक्षक पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाने की ओर अग्रसर एवं आतुर हमारी बहादुर भारतीय सेना और पराक्रमी वीर जवानों को ट्रंप के सीज़फायर के आदेश पर क्यों रोका गया? विशेषत: जब सारा देश और विपक्ष सरकार एवं सेना के साथ खड़ा था. आपके डियर फ्रेंड ट्रंप ने आपसे पहले ही सीज़फायर की घोषणा क्यों की? हमारे मामलों में पंचायती करने वाला ये ट्रंप होता कौन है?

प्रधानमंत्री का बिहार दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक दिवसीय दौरे पर सिवान आ रहे हैं, जहां वह 5700 करोड़ रुपए के विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास उद्घाटन एवं लोकार्पण करेंगे. 3 महीने के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह तीसरा बिहार दौरा होगा. जिसमें वह बिहार के लोगों को संबोधित करेंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.