MUZAFFARPUR

बिहार में दो दिनों तक भारी बारिश, इन जिलों में खतरे के बादल, जानें अपने जिले के मौसम का हाल

पटना: दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन के साथ ही बिहार का मौसम बदल गया है. राजधानी समेत सभी जिलों में आंशिक बादल छाए हुए हैं. कई स्थानों पर मूसलाधार से लेकर मध्यम बारिश दर्ज की गई है. बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, तीन जिलों पश्चिम चंपारण, गया और नवादा में भारी बारिश के आसार हैं.

बिहार में भारी बारिश!

पटना के पूर्वी हिस्से में मानसून ने दस्तक दे दी है. इसके साथ ही अगले 24 से 48 घंटे के अंदर पूरे प्रदेश में इसका सक्रिय होना तय है.

मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, नवादा और गया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

पटना और अन्य जिलों का मौसम का हाल

कैमूर, औरंगाबाद और रोहतास में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी गई है.

वहीं पटना सहित राज्य के अन्य हिस्सों में कहीं हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है. साथ ही गरज-चमक के साथ ठनका गिरने की आशंका बनी हुई है. प्रदेश में तीन से चार दिनों के अंदर अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने का पूर्वानुमान भी है.

बुधवार को इन जिलों में हुई वर्षा

मानसून की एंट्री के साथ ही गया, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण और बक्सर के विभिन्न स्थानों में झमाझम बारिश हुई थी.

गया जिले में कई इलाकों में तेज बारिश हुई है. गया जी का मगध मेडिकल अस्पताल पहली बारिश में ही पानी-पानी हो गया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.