DELHINationalPATNA

दिल्ली से लेह जा रही फ्लाइट टेकऑफ के बाद वापस लौटी; 180 यात्री थे सवार, जानें कारण

नई दिल्ली: इन दिनों फ्लाइट्स में तकनीकी खराबी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इसी कड़ी में दिल्ली एयरपोर्ट से लेह जा रही इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई.

बताया जा रहा है कि विमान में तकनीकी खराबी के कारण विमान दिल्ली वापस लौटा. पायलट को उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का संकेत मिला और विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट लौटना पड़ा. विमान में कुल 180 यात्री सवार थे.

जानकारी के मुताबिक, विमान ने सुबह निर्धारित समय पर दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी गड़बड़ी की आशंका के चलते फ्लाइट को वापस लौटना पड़ा.

विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया. इंडिगो की ओर से बयान जारी कर बताया गया कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था के लिए सहायता दी जा रही है. फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है. किसी यात्री को चोट लगने या हानि पहुंचने की सूचना नहीं है.

बाली जा रही फ्लाइट लौटी वापस

इससे पहले बुधवार को दिल्ली से बाली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2145 को उड़ान के बीच से वापस दिल्ली लौटना पड़ा था, जब इंडोनेशिया में लेवोटोबी लाकी-लाकी ज्वालामुखी में अचानक विशाल विस्फोट हुआ.

बाली एयरपोर्ट से पास ही यह ज्वालामुखी 10 किलोमीटर ऊंचाई तक राख फेंक रहा था, जिससे आस-पास की हवा में राख का विस्फोटक प्रभाव फैल गया और एयर ट्रैफिक को गंभीर खतरा पैदा हो गया था.

लौटने का लिया निर्णय

एयर इंडिया की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, जब राख-भरा बादल फ्लाइट के मार्ग में आने लगा तो सुरक्षा को देखते हुए आगे की उड़ान असुरक्षित हो गई. ऐसे में पायलट ने दिल्ली लौटने का निर्णय लिया.

फ्लाइट बिना किसी बाधा के सुरक्षित रूप से वापस आ गई. इसके बाद सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया.

एयर इंडिया ने असुविधा के लिए यात्री से क्षमा मांगी और प्रभावित यात्रियों के लिए होटल सुविधा, पूर्ण रिफंड या ट्रैवल रिशेड्यूलिंग का विकल्प उपलब्ध कराए जाने की घोषणा की.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.