MUZAFFARPUR

बिहार में 19,838 सिपाहियों की भर्ती, 6 चरणों में परीक्षा

पटना : केंद्रीय चयन परिषद (सीएसपी) द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा इस वर्ष जुलाई और अगस्त महीने में 6 चरणों में आयोजित की जाएगी. परीक्षा का पहला चरण 16 जुलाई 2025 को और अंतिम चरण 3 अगस्त 2025 को होगा.

परीक्षा बिहार के 38 जिलों में 627 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिदिन लगभग ढाई से तीन लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है.

17 लाख से ज्यादा आवेदन

जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कुल 17,06,628 आवेदकों ने ऑनलाइन आवेदन किया था. हालांकि, आवेदनों की समीक्षा के बाद 10,947 आवेदन अपूर्ण पाए गए, जबकि 20,940 आवेदकों ने स्वयं अपने आवेदन रद्द कर दिए.

इसके अलावा, विभिन्न कारणों से 1,155 आवेदनों को अस्वीकार कर दिया गया. अंतिम रूप से कुल 16,73,586 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए योग्य माना गया है और उनके प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं.

परीक्षार्थी अफवाहों से दूर रहें’ 

केंद्रीय चयन परिषद के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने सभी अभ्यर्थियों से सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से गलत सूचना फैलाकर अभ्यर्थियों को ठग सकते हैं.

ऐसे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की सूचना मिलने पर अभ्यर्थी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.

योग्य उम्मीदवारों का अगले चरण में सिलेक्शन

जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए परीक्षा को कई चरणों में आयोजित किया जा रहा है, ताकि व्यवस्था बनायी रखी जा सके. परीक्षा परिणाम की घोषणा के बाद योग्य उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा.

अपडेट के लिए वेबसाइट की जांच करें’ 

केंद्रीय चयन परिषद द्वारा आयोजित यह सिपाही भर्ती परीक्षा बिहार के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है.

जितेंद्र कुमार ने कहा कि अभ्यर्थियों से अपेक्षा की जाती है कि वे परीक्षा की तैयारी ईमानदारी से करें और किसी भी प्रकार के अफवाह या धोखाधड़ी में न फंसें. परीक्षा से संबंधित किसी भी अपडेट के लिए अधिकृत वेबसाइट की जांच करते रहें.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.