MUZAFFARPUR

बिहार में कैंसर मरीजों को जल्द मिलेगी राहत! बेगूसराय और नवादा में कैंसर अस्पताल का होगा निर्माण, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दी जानकारी

बिहार सरकार ने कैंसर जैसी घातक बीमारी के खिलाफ एक बड़ी और बहुआयामी लड़ाई छेड़ने की घोषणा की है।

स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने हाल ही में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में घोषणा की कि बेगूसराय और नवादा जिलों में आधुनिक कैंसर अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में ही विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा सुनिश्चित हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि अगले 03 से 05 वर्षों के भीतर राज्य के 09 प्रमंडलों में कैंसर के इलाज की समुचित सुविधाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे मरीजों को राज्य से बाहर इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा।

बिहार कैंसर केयर एण्ड रिसर्च सोसाइटी: एक नया आयाम

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य में “बिहार कैंसर केयर एण्ड रिसर्च सोसाइटी” का गठन किया जाएगा, जिसका मुख्यालय स्वास्थ्य भवन, शेखपुरा, पटना में होगा।

यह संस्था कैंसर की रोकथाम से लेकर उपचार, अनुसंधान और शिक्षा तक छः प्रमुख क्षेत्रों में कार्य करेगी। इसके तहत रोकथाम एवं शीघ्र पहचान की जाएगी। नैदानिक सेवाएं, उपचार सेवाएं, पैलियेटिव केयर,शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्य और आधारभूत संरचना विकास में मदद मिलेगी।

प्रदेशव्यापी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तार योजना

राज्य सरकार ने पहले ही कुछ महत्वपूर्ण पहलें शुरू कर दी हैं:

38 जिलों में कैंसर स्क्रिनिंग कार्यक्रम

17 जिलों में डे-केयर कीमोथेरेपी सुविधा

23 जिलों में पैलियेटिव केयर सेवा

मुफ्त कैंसर दवाओं की उपलब्धता जिला अस्पतालों में

इसके अलावा, 09 से 14 वर्ष की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु HPV वैक्सीन का मुफ्त टीकाकरण किया जा रहा है।

कैंसर के खिलाफ सबसे मजबूत हथियार

31 मई को वर्ल्ड नो टोबैको डे के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को और मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने मुंह एवं गले के कैंसर के मामलों को कम करने के लिए सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता को आवश्यक बताया।बिहार कैंसर केयर एण्ड रिसर्च सोसाइटी भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.