प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान बिहार की युवा प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात की. क्रिकेट के ग्राउंड पर अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबके चहेते बने वैभव सूर्यवंशी से शुक्रवार को पीएम मोदी ने पटना एयरपोर्ट पर मुलाकात की.

इस दौरान वैभव सूर्यवंशी के परिवार के अन्य लोगों ने भी पीएम मोदी से मुलाकात की. युवा क्रिकेटर ने इस बार के आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया.

उन्होंने कई मैचों में शानदार खेल दिखाया है. उनकी इसी प्रतिभा के मुरीद होते हुए पीएम मोदी ने उनसे बिहार दौरे के बीच खास तौर पर मुलाकात की.

पीएम मोदी के सोशल मीडिया पर दोनों की हुई मुलाकात की तस्वीरें साझा की गई. इसमें वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार के लोगों से मिलते हुए पीएम मोदी ने एक खास संदेश भी लिखा है.

वैभव सूर्यवंशी की उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने लिखा है – ‘पटना एयरपोर्ट पर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी और उनके परिवार से मुलाकात हुई। उनके क्रिकेट कौशल की पूरे देश में प्रशंसा हो रही है! उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएँ।’

दरअसल, पीएम मोदी 29 मई को पटना आये थे. उन्होंने यहां कई विकास योजनाओं की सौगात दी. बाद में एक रोड शो भी किया था जिसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को दर्शाते हुए देश के सेना के जवानों को नमन किया गया. वहीं शुक्रवार को रोहतास के बिक्रमगंज में एक जनसभा को संबोधित किया.

इस दौरान करीब 50 हजार करोड़ रुपए की विकास परियोजना का शुभारम्भ पीएम मोदी ने किया. बाद में वे पटना आये. इसी दौरान उन्होंने पटना एयरपोर्ट पर वैभव सूर्यवंशी से मुलाकात कर उनके कौशल और प्रतिभा की सराहना की.

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में सनसनी फैलाने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी की शानदार बल्लेबाजी आईपीएल में देखने को मिला है.

राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज भारतीय शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.

IPL 2025 में वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से शुरुआती 7 मैचों में 36 की औसत और 200 से ज्यादा के शानदार स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए। वह इस सीजन राजस्थान रॉयल्स की ओर से 5वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे.



Leave a Reply