MUZAFFARPUR

बहन ने भी छोड़ा तेजप्रताप का साथ! रोहिणी ने कहा- मर्यादित आचरण और परिवार की प्रतिष्ठा जरूरी

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो और पूर्व बिहार मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है और परिवार से भी रिश्ता तोड़ने की घोषणा की है.

लालू प्रसाद यादव के कदम का समर्थन करते हुए उनकी बेटी और राजद नेता रोहिणी आचार्य ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट कर अपने पिता के फैसले को सही ठहराया.

रोहिणी ने दिया पिता का साथ: राजद नेता रोहिणी आचार्य ने भी ‘X’ पर लिखा “जो परिवेश , परंपरा , परिवार और परवरिश की मर्यादा का ख्याल रखते हैं , उन पर कभी सवाल नहीं उठते हैं , जो अपना विवेक त्याग कर मर्यादित आचरण व परिवार की प्रतिष्ठा की सीमा को बारम्बार लांघने की गलती – धृष्टता करते हैं, वो खुद को आलोचना का पात्र खुद ही बनाते हैं .. हमारे लिए पापा देवतुल्य हैं , परिवार हमारा मंदिर व गौरव और पापा के अथक प्रयासों – संघर्षों से खड़ी की गयी पार्टी व सामाजिक न्याय की अवधारणा हमारी पूजा .. इन तीनों की प्रतिष्ठा पर किसी की वजह से कोई आंच आए ये हमें कदापि स्वीकार्य नहीं ..”

‘तेजप्रताप वयस्क हैं, निजी फैसले के लिए स्वतंत्र’: वहीं, तेजप्रताप के छोटे भाई और राजद नेता तेजस्वी यादव ने पटना में मीडिया से बातचीत में कहा, हम ऐसी चीजों को बर्दाश्त नहीं कर सकते.

 

हम बिहार के लोगों के लिए समर्पित होकर काम कर रहे हैं. मेरे बड़े भाई के लिए, राजनीतिक और निजी जीवन अलग-अलग हैं. वो एक वयस्क हैं और अपने निजी फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं.

लालू ने तेज प्रताप को पार्टी और परिवार से निकाला: आपको बता दें कि लालू प्रसाद यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक बयान जारी कर कहा, “निजी जीवन में नैतिक मूल्यों की अवहेलना हमारे सामाजिक न्याय के सामूहिक संघर्ष को कमजोर करती है।

मेरे ज्येष्ठ पुत्र की गतिविधियां, सार्वजनिक आचरण और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार हमारे पारिवारिक मूल्यों और परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं. इसलिए, उपरोक्त परिस्थितियों के चलते, मैं उन्हें पार्टी और परिवार से हटाता हूं. अब से उनका पार्टी और परिवार में कोई भूमिका नहीं होगी. उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया जाता है.”

 

लालू यादव ने ऐसा क्यों किया?

दरअसल, तेज प्रताप यादव के फेसबुक अकाउंट से शनिवार को एक पोस्ट किया गया था. जिसमें तेज प्रताप यादव ने अपने 12 साल पुराने दोस्त अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप की बात कही थी. इसके अलावा उनके सोशल मीडिया पोस्ट में ये भी कहा गया था कि वो अनुष्का यादव से प्यार करते हैं.

बाद में किया खंडन

हालांकि तेज प्रताप यादव ने 11 बजे रात में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ एक पोस्ट किया. कहा कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट को हैक कर लिया गया है. उनके और उनके परिवार के लोगों को बदनाम करने की साजिश की जा रही है. उसपर एआई जेनरेटेड तस्वीर साझा किया गया है जो फेक है.

2018 में हुई थी तेजप्रताप की शादी

इस विवाद ने तेजप्रताप के 2018 में ऐश्वर्या राय (पूर्व बिहार मुख्यमंत्री दारोगा राय की पोती) के साथ हुई शादी को भी फिर से चर्चा में ला दिया, जो कुछ महीनों बाद ही विवादों और घरेलू हिंसा के आरोपों के साथ खत्म हो गई थी.

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने तेजप्रताप की इस पोस्ट पर सवाल उठाए, जिसमें उनकी शादी और कथित 12 साल के रिश्ते को लेकर आलोचना की गई.

 

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.