सिवान: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है. इसी बीच भारतीय सेना में बड़े बदलाव किए गए हैं. जिसमें गुठनी थाना क्षेत्र के सिकलपुर गांव निवासी एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी को भारतीय वायुसेना (IAF) का नया वाइस चीफ (Vice Chief of Air Staff) बनाया गया है.

1 मई को कार्यभार संभालेंगे नर्मदेश्वर तिवारी
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी 1 मई को एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर की जगह लेंगे. एयर मार्शल सुजीत पुष्पाकर धारकर 30 अप्रैल को रिटायर्ड हो रहे हैं. उन्होंने 40 साल से ज्यादा अपनी सेवाएं दी हैं.

वो एयर स्टाफ के डिप्टी चीफ भी रहे: एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी साउथ वेस्टर्न एयर कमांड (SWAC) के कमांडिंग इन चीफ के पद पर 1 मई 2023 से हैं. इससे पहले वो एयरफोर्स हेडक्वार्टर में एयर स्टाफ के डिप्टी चीफ भी रह चुके हैं.

गोल्ड मेडलिस्ट हैं नर्मदेश्वर तिवारी
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) पुणे से स्नातक की. इसके अलावा उन्होंने नेशनल डिफेंस कॉलेज दिल्ली में प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल जीता. 7 जून 1986 को फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला.

3600 घंटे से अधिक का है अनुभव
एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी 37 साल से अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्हें फाइटर जेट उड़ाने का 3600 घंटे से अधिक का अनुभव है. नर्मदेश्वर तिवारी ने कारगिल युद्ध के दौरान अहम भूमिका निभाई थी.

बधाई देने वाले लोगों का तांता
भारतीय वायुसेना में एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी को नया वाइस चीफ बनाने की खबर मिलते ही पूरा गांव खुशी से झूम उठा. एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी के पैतृक गांव में बधाई देने वाले लोगों का तांता लग गया. नर्मदेश्वर तिवारी की इस उपलब्धि से सिवान जिला के साथ-साथ पूरा बिहार गौरवान्वित हुआ है.
बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने किया था हमला
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने सैलानियों पर हमला कर दिया था. आतंकवादियों ने 26 सैलानियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि कई लोग घायल हो गए थे.
मोदी सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ लिए बड़े फैसले
घटना के बाद केन्द्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रूख लेते हुए पांच बड़े फैसले लिए थे. जिसमें पहला भारत और पाकिस्तान के बीच स्थित ऑटारी बॉर्डर चेक पोस्ट को बंद करना है, जबकि दूसरा फैसला पाकिस्तान में मौजूद भारत के दूतावास को बंद करना है.

सिंधू जल समझौता निलंबित
तीसरा फैसला सिंधू जल समझौते के निलंबित करना है, जबकि चौथे फैसले में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी राजनायिकों को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने को कहा गया है. वहीं, पांचवां फैसला पाकिस्तानियों को भारत का वीजा नहीं देने का है.


Leave a Reply