पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने स्वीकार किया कि बीजेपी के एक बड़े नेता की वजह से उनको लोकसभा चुनाव 2024 में हार का सामना करना पड़ा. हालांकि उन्होंने नाम नहीं लिया लेकिन ये जरूर कहा कि जो नेता प्रधानमंत्री और बीजेपी अध्यक्ष की बात नहीं मानी हो, वह भारतीय जनता पार्टी के नेता नहीं हो सकते हैं.

क्या स्थानीय सांसद की ओर इशारा है?
इस सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने किसी का नाम लेने से इंकार कर दिया. उन्होंने कहा कि शाहाबाद के इलाके में जाइये ना.

हर गांव में पता चल जाएगा कि किस बूथ पर किसने क्या किया, पता चल जाएगा. वहां स्थानीय स्तर पर जाकर पूछिये. भाजपा के जो ओरिजनल लोग हैं, वह भी उतने ही दुखी हैं उस परिणाम से, वह भी उतने ही दुखी हैं.

क्या बीजेपी नहीं समझ रही है?
वहीं पत्रकारों ने जब आरएलएम अध्यक्ष से पूछा कि लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को इतना बड़ा नुकसान हुआ, क्या फिर भी भारतीय जनता पार्टी इसे समझ नहीं पा रही है? इस सवाल पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि बीजेपी 100 पर्सेंट समझ रही है, क्योंकि अगर नहीं समझती तो आज मैं राज्यसभा का सांसद नहीं होता.

परिसीमन पर चलाएंगे कार्यक्रम
बीजेपी को नसीहत देते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि 25 मई से संविधान अधिकार परिसीमन सुधार कार्यक्रम के तहत कई जिलों में रैली करेंगे. पहली रैली शाहाबाद से शुरू होगी और दूसरी रैली मुजफरपुर में होगी.

उन्होंने कहा कि शाहाबाद से कार्यक्रम शुरू करने का खास मकसद है. दांव-पेंच की गंदी राजनीति के कारण लोकसभा चुनाव में पूरे इलाके में एनडीए को हार का सामना करना पड़ा था.



Leave a Reply