भागलपुर : बिहार के भागलपुर में राज्यपाल की सुरक्षा में चूक नजर आयी. दरअसल तिलकामांझी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान पहुंचे थे.
![]()
कार्यक्रम के दौरान एक छात्र सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए मंच के समीप पहुंच गया और नारेबाजी करते हुए अपनी शिकायतों से जुड़ी पर्चियां हवा में उड़ा दीं. यह पूरी घटना राज्यपाल की मौजूदगी में हुई.

राज्यपाल के पास पहुंचकर छात्र ने की नारेबाजी
मिली जानकारी के अनुसार, पर्चियों में तिलकामांझी विश्वविद्यालय की अनियमितताएं, परीक्षा परिणाम में देरी और छात्र हितों की अनदेखी जैसे मुद्दे लिखे थे. कहा जा रहा है कि छात्र ने यह कदम अपनी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए उठाया.

सुरक्षाकर्मियों ने छात्र को दबोचा
हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए छात्र को हिरासत में ले लिया. युवक का नाम आलोक बताया जा रहा है. पुलिस उस युवक से पूछताछ की कर रही है कि वह किस संगठन से जुड़ा है और उसकी मंशा क्या थी? यह पुलिस जांच के बाद ही पता चल पाएगा.

दीक्षांत समारोह में उहापोह की स्थिति
वैसे जिस प्रकार से सुरक्षा घेरा पार कर छात्र मंच के सामने पहुंच गया, नारेबाजी करते हुए पर्चियां फेंकीं. वह वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन की ओर इशारा करता है. कुछ देर तक दीक्षांत समारोह में उहापोह की स्थिति बन गई थी.


उठ रहे कई सवाल ?
आखिरकार राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की सुरक्षा में कैसे चूक हुई? आयोजकों और स्थानीय प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किया था? क्या यह केवल एक छात्र की नाराजगी थी या इसके पीछे कोई संगठित विरोध था?




Leave a Reply