बिहार: पहलगाम आतंकी हमले का असर पीएम मोदी के बिहार दौरे पर भी देखने को मिलेगा. मधुबनी के झंझारपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायती राज कार्यक्रम में भाग लेने के लिए बिहार आएंगे.

कार्यक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि पीएम मोदी का कार्यक्रम पूरी सादगी से होगा. पीएमओ से कहा गया है कि किसी भी तरह का स्वागत समारोह न किया जाए. ढोल नगाड़े कुछ भी नहीं बजेंगे.

पीएम मोदी का बिहार दौरा आज
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अपने तय समय पर ही होगा. गुरुवार को मधुबनी जिले के झंझारपुर में पंचायती राज दिवस के अवसर पर पीएम का निर्धारित कार्यक्रम होगा.

बुधवार देर शाम केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, राज्य सभा सांसद संजय झा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने संयुक्त रूप से प्रेस कांफ्रेंस करके इस बात की जानकारी दी.

नहीं होगा पीएम का स्वागत समारोह’
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी घटना के बावजूद पीएम मधुबनी आएंगे और सभा को संबोधित करेंगे, लेकिन यहां पीएम का कोई स्वागत, सम्मान नहीं होगा. आतंकी घटना से मर्माहत मिथिलावासी पीएम के स्वागत में ढोल बाजे नहीं बजाएंगे. लोग केवल अपने पीएम का संबोधन सुनने आएंगे.

संजय झा ने क्या कहा?
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा ने बताया कि प्रधानमंत्री का झंझारपुर में सबसे बड़ी रैली होने जा रही है, क्षेत्र भ्रमण के दौरान हमने देखा है कि पूरे मिथिलांचल में पीएम के आगमन को लेकर उत्साह है. लेकिन मिथिलावासी अब केवल अपने लोकप्रिय प्रधानमंत्री को सुनने आएंगे.

खाते में आएंगे पैसे
पीएम झंझारपुर से 8 लाख लंबित लाभुकों के आवास की राशि सभी के खाते में भेजेंगे. अबतक की आवास लाभुकों की सूची समाप्त कर दी जाएगी. कुल 13 लाख 11 हजार लोगों को योजना का फायदा मिलेगा.

मिथिलांचल को वंदे मेट्रो ट्रेन मिलेगा
पीएम मोदी के मधुबनी दौरे पर बिहार को पहली वंदे मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. यह ट्रेन पटना से मोकामा, दरभंगा और मधुबनी, समस्तीपुर होते हुए जयनगर तक जाएगी.



Leave a Reply