रोहतास: शराबबंदी वाले बिहार में आए दिन पुलिस शराबियों को जहां गिरफ्तार करती है, वहीं शराब की खेप भी बरामद होने का सिलसिला थम नहीं रहा है. वहीं दूसरी तरफ इस बार रोहतास में चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दरअसल शादी करने पहुंचे एक दूल्हे को उसके दोस्त के साथ पुलिस ने हवालात पहुंचा दिया.

सासाराम में दोस्त के साथ दूल्हा गिरफ्तार
इतना ही नहीं दूल्हे राजा की कार से पुलिस को शराब की बोतलें भी मिल गई. इसके बाद दूल्हे राजा पुलिस के सामने ही गिड़गिड़ाने लगे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोस्त के साथ दूल्हे को हवालात में डाल दिया. मामला जिले के अगरेर थाना क्षेत्र के मोकर का है, जहां शराब पीकर शादी करने पहुंचे दूल्हा और उसके एक दोस्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

शराब पीकर शादी करने पहुंचा था दूल्हा
बताया जाता है कि गया के मुस्तफाबाद से बारात सासाराम के मोकर पहुंची थी, जहां लोक डिहरी के रहने वाले अशोक तिवारी की बेटी की शादी थी. मोकर के पास एक मैरिज हॉल में शादी की रस्म शुरू हो गई थी, लेकिन बारात लेकर पहुंचा दूल्हा अभिषेक पांडे और उसका दोस्त ज्ञान शंकर दोनों शराब के नशे में धुत थे.

दूल्हे की गाड़ी से भी मिली शराब
इसी बीच किसी ने पुलिस को फोन पर सूचना दे दी जिसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शराबी दूल्हा सहित उसके मित्र को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक दूल्हे की गाड़ी से एक भरी शराब की बोतल बरामद की गई है.

फिल्मों की तरह कथित प्रेमिका ने मारी एंट्री
बताया जाता है कि जब शराब के नशे में दूल्हा पकड़ाया तो हंगामा शुरू हो गया, लेकिन पूरे ड्रामे के बीच दूल्हे के तथाकथित प्रेमिका की एंट्री हो गई. गया से आकर एक लड़की खुद को दूल्हे की प्रेमिका बताते हुए हंगामा करने लगी.

दुल्हन ने किया शादी से इनकार
ऐसे में शादी रोक दी गई और पुलिस दूल्हे राजा को लेकर थाना चली गई, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया. वहीं दूल्हे राजा की गाड़ी भी पुलिस ने जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं बताया जाता है कि दुल्हन ने भी दूल्हे से शादी को लेकर इनकार कर दिया. ऐसे में दूल्हे राजा ना घर के रहे ना घाट के. वहीं दुल्हन ने जो हिम्मत दिखायी उसकी सभी तारीफ कर रहे हैं.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई:
पूरे मामले पर एसडीपीओ 2 कुमार वैभव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इलाके में शादी करने पहुंचे दूल्हे ने शराब पी रखी है. वहीं दुल्हन के घर वाले शादी करने से इनकार कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद दूल्हे और उसके दोस्त के शराब पीने की पुष्टि हुई.

बिहार में शराबबंदी
बिहार में शराबबंदी 2016 से प्रभावी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में शराब के उत्पादन, बिक्री और खपत पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. यह फैसला सामाजिक सुधार और अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से उठाया गया था.



Leave a Reply