मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के मुसहरी प्रखंड अंतर्गत पताही स्थित पंचायत भवन के प्रांगण में ग्रामीण विकास विभाग जीविका के तत्वावधान में ग्राम संगठन के स्तर पर आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

महिला संवाद का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

जहां जिला परियोजना प्रबंधक जीविका अनिशा ने स्वागत भाषण देते हुए महिला संवाद के उद्देश्य, प्रासंगिकता एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।

वहीं कार्यक्रम में कई महिलाओं ने अपेक्षा , आकांक्षा, समस्या, समाधान के संदर्भ में अपना अनुभव बताया। उन्होंने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि सरकारी योजनाओं से लाभ उठाकर उन्होंने न केवल अपनी आर्थिक स्थिति अच्छी की बल्कि बेटे बेटियों ने शिक्षित होकर नौकरी हासिल की है।

कार्यक्रम में डीडीसी , अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी ने भी विचार व्यक्त करते हुए अपनी माताजी के संघर्ष, कठिनाई के दौर तथा समाधान हेतु जुनून, जज्बा के द्वारा बेटे और बेटियों को मुकाम दिलाने में उनके अप्रतिम योगदान की चर्चा की।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आप सब अपनी अपनी अपेक्षाएं एवं आकांक्षाएं महिला संवाद कार्यक्रम के माध्यम से प्रस्तुत करें। बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने हेतु क्या योजना है, आवश्यक सुझाव देने की अपील की ताकि उनके उपयुक्त सुझाव को जरूरत के अनुसार सरकार अपने नीतिगत निर्णय में शामिल कर सके।


उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने लोगों से सकारात्मक सोच विकसित करने तथा नकारात्मक विचारों एवं बुराई से विशेषकर नशे की आदत से परिवार को दूर रखने की अपील की।

महिला सशक्तिकरण हेतु सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु मुजफ्फरपुर जिला में अभी 16 जागरूकता रथ परिचालित है जो सभी प्रखंडों में भ्रमण कर लोगों को जागरुक एवं प्रेरित करेंगा।

ऑडियो वीडियो सेट से सुसज्जित जागरूकता रथ को चारों तरफ से महिला सशक्तिकरण आधारित योजनाओं के फ्लेक्स से सुसज्जित किया गया है। जिलाधिकारी ने डीपीएम जीविका को रूट चार्ट तैयार कर वाहन का परिचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम में एईएस की जागरूकता के तहत महिलाओं को आवश्यक एहतियाती उपायों तथा चमकी की तीन धमकी- खिलाओ, जगाओ, अस्पताल भेजो के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जिला पदाधिकारी द्वारा उपस्थित जनसमूह को एईएस संबंधी शपथ दिलाया गया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम, सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी श्रीमती श्रेया अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री अमित कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



Leave a Reply