बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरुवार की शाम एक साहसिक वारदात में बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर धावा बोलते हुए डेढ़ लाख रुपए लूट लिए.

यह घटना शहर के सदर थाना क्षेत्र स्थित खबड़ा इलाके की है, जहां शाम करीब 7:30 बजे तीनों बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर पहुंचे. चंद मिनटों में पूरी योजना को अंजाम दिया और फोरलेन की दिशा में फरार हो गए.

पहले उलझाया, फिर लूट को दिया अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने पहले पंप पर कार्यरत नोजल मैन सुभाष को बातचीत में उलझाया. इसी बीच एक अपराधी सीधा कैश रूम में घुस गया और सुभाष को भी जबरन अंदर ले गया.

वहां मौजूद पंप मैनेजर से कैश बॉक्स की चाबी मांगी गई और देखते ही देखते सारा नकद निकाल लिया गया. इस दौरान कर्मी सुभाष के साथ मारपीट भी की गई और उसकी जेब में रखे 15 हजार रुपए भी अपराधी ले उड़े.

फोरलेन की ओर भागे, आसपास के CCTV से हो रही पड़ताल
सदर थानाध्यक्ष अश्मित कुमार ने बताया कि अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर आए थे और घटना के बाद फोरलेन की ओर भाग गए.

CCTV फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और ठिकानों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. आस-पास के इलाकों के CCTV कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की मूवमेंट को ट्रैक किया जा सके.




Leave a Reply