भाकपा-माले पॉलिट ब्यूरो सदस्य सह ऐपवा राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं की नौ सदस्यीय टीम सकरा प्रखंड के बरियारपुर थाना के अंतर्गत रामपुरमणि गांव पहुंची जहां दलित टोले में बुधवार की सुबह भयानक आग लगने की दर्दनाक घटना घटी थी।

मृतक बच्चों के परिजन और आग लगने की घटना के शिकार दलित परिवार के लोगों ने बिलखते हुए आग लगने की भयावह दर्दनाक घटना के बारे में बताया। चार बच्चों सहित कई जानवर और 70परिवार का घर और उनका सामान जल कर राख हो गया है।

माले की टीम हरिसभा चौक स्थित पार्टी जिला कार्यालय लौटकर प्रेस/मीडिया संवाददाता को संबोधित किया। मीना तिवारी ने कहा कि रामपुरमणि गांव के दलित टोले में भयावह दर्दनाक घटना के लिए सरकार और प्रशासन की लापरवाही जिम्मेवार है।

पीड़ितों ने बताया कि स्मार्ट मीटर तो जबरन गरीबों की झोपडी में भी लगा कर पैसा ऐंठा जा रहा है लेकिन बिजली के पोल पर नंगा तार लटकने और तेज हवा में टकराने से शॉर्ट सर्किट से स्पार्क के कारण निकली चिंगारी से आग लगने की घटना घटी है।

चार बच्चे सहित दलितों का पूरे टोले के घर, मवेशी और सारा समान जलकर खाक हो गया है। उन परिवारों को प्रधानमंत्री पक्का मकान आवास योजना के तहत भी आजतक घर बनाने के लिए ठीक से पैसा नहीं मिला है। यदि ठीक-ठाक पक्का मकान होता तो ऐसी दर्दनाक घटना नहीं होती।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि मृतक बच्चों के परिवार को अविलंब विशेष राहत पैकेज दिया जाए तथा जिनका घर जला है उन्हें 25 – 25 लाख रुपये मुआवजा, पर्याप्त भोजन और पानी तथा कपडे़ व बेहतर तरीके से रहने की व्यवस्था की जाए।

मीना तिवारी ने प्रेस को बताया कि वहां अभी तक कोई सरकारी मेडिकल कैंप नहीं लगाया गया है जो एक दिखा वह एक प्राईवेट चिकित्सक का है। आज वहां प्रशासनिक अधिकारी भी नहीं थे। पीने के पानी, भोजन और रहने की जरूरतों के प्रति प्रशासन की लापरवाही को सख्ती से दूर करने की जरूरत है।

उन्होंने मांग कि है कि सभी प्रखंड में दो-तीन की संख्या में अग्निशामक वाहन की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए। नंगा बिजली तार के बदले कवर वाले तार लगाना चाहिए। कहीं भी लटका हुआ तार नहीं होना चाहिए ताकि पेड़ आदि से टकराने के कारण शॉट सर्किट का खतरा न हो।

माले की टीम में पॉलिट ब्यूरो सदस्य मीना तिवारी, पार्टी के राज्य कमिटी सदस्य जितेन्द्र यादव, सूरज कुमार सिंह, सकरा प्रखंड सचिव राजेश रंजन, किसान नेता प्रेमलाल यादव,पार्टी जिला कमिटी सदस्य फहद जमां, आरवाईए जिला अध्यक्ष विवेक कुमार और आइसा के छात्र नेता दीपक कुमार शामिल थे।




Leave a Reply