MUZAFFARPUR

‘पुलिस मामू नहीं बाप है’, चोरी के बाद फिल्मी अंदाज में चुनौती देने वाली चोरनी गिरफ्तार

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र में 7 अप्रैल को हुई चर्चित चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पकड़ीदयाल पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट लिखाने वाली शिवानी कुमारी को ही गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर में छुपाकर रखे गए जेवरात को भी बरामद कर लिया है. उसने अपने ही घर में चोरी क्यों की और पुलिस को चैलेंज देने वाली चिट्ठी क्यों लिखी, इसे लेकर पुलिस की पूछताछ जारी है.

चिट्ठी लिखकर पुलिस को दी चुनौती

इस कथित चोरी की घटना और चोरी के बाद पुलिस को ‘मामा’ संबोधित करते हुए चैलेंज देने वाले पत्र को लेकर लोगों में चर्चा आम है. वहीं, पुलिस ने इस घटना में जब जांच शुरू की तो चोर घर के भीतर से ही पकड़ी गई. इस घटना का उद्भेदन करते हुए पकड़ीदयाल एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने भी उसी अंदाज में कहा कि पुलिस मामू नहीं है, बाप है.

अपने ही घर में चोरी

दरअसल, पिछले 7 अप्रैल को पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र स्थित बड़कागांव के रहने वाले रामनारायण सिंह की बेटी शिवानी ने अपने घर में चोरी हो जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. दर्ज शिकायत में उसने बताया कि चोरों ने दिनदहाड़े उसके घर से 6 लाख रुपये के जेवरात और 10 हजार रुपये नकद चुरा लिया है. साथ ही उसने एक चिट्ठी भी पुलिस को सौंपी, जिसमें लिखा था, ‘लव यू पुलिस मामा, आपसे तेज हैं.’ पत्र में आगे लिखा, 10 घरों में चोरी करनी है. 8 हो गए, 2 बाकी है. पकड़ सको तो पकड़ लो.

कैसे हुआ खुलासा?: इस चिट्ठी के बाद पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया. एसपी स्वर्ण प्रभात ने तत्काल पकड़ीदयाल एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी की अगुआई में एक टीम गठित की. एसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने चोरों की छोड़ी गई चिट्ठी की जांच की तो चोरी से संबंधित शिवानी का लिखा हुआ आवेदन और चोरों की चिट्ठी की लिखावट एक जैसी मिली.

पुलिस को इस चोरी की घटना में पहला लीड मिल गया, उसके बाद जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी तो शिवानी संदेह के घेरे में आ गई. कड़ाई के साथ पूछताछ के बाद शिवानी ने घर में चोरी की बात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी हुए जेवरात को बरामद कर लिया. साथ ही वह रजिस्टर भी बरामद हुआ, जिसका पन्ना फाड़कर पुलिस के नाम संदेश लिखा गया था.

पकड़ीदयाल एएसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि 7 अप्रैल को शिवानी कुमारी ने पुलिस को एक आवेदन दिया था. जिस आवेदन में बताया गया कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर में चोरी कर ली गई है. जिसमें पुलिस को मामू कहते हुए चुनौती देने वाली चिट्ठी भी दी.

जिस चिट्ठी को चोरों द्वारा छोड़े जाने की बात बतायी. जह हमने चिट्ठी की लिखावट की जांच की तो वह शिवानी के आवेदन की लिखावट से मिल रही थी. संदेह के आधार पर सख्ती से पूछताछ में उसने गुनाह कबूल कर लिया.

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.