MUZAFFARPUR

‘लव यू पुलिस मामा, आपसे तेज हैं.. 8 घरों में की चोरी 2 में बाकी..’ लेटर लिखकर मोतिहारी में चोरों ने दिया चैलेंज

मोतिहारी : बिहार के पूर्वी चंपारण जिला स्थित पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के बड़कागांव में चोरों का आतंक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. लगातार हो रही चोरी की वारदातों से गांववाले सहमे हुए हैं.

हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों ने रात में पहरा देना शुरू किया तो चोरों ने दिन में ही धावा बोलना शुरू कर दिया. यही नहीं बेखौफ चोरों ने पुलिस को चोरी के बाद ‘लव लेटर’ लिखकर चुनौती भी दी है.

दिनदहाड़े फिर हुई चोरी: सोमवार को चोरों ने दिन के उजाले में बड़कागांव के ही रहने वाले रामायण सिंह के घर से लाखों रुपये के सामान चुरा लिए. इस घटना ने पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है. बताया जा रहा है कि जब घर में कोई नहीं था, तब चोर खपरैल के सहारे छत से घर में घुसे और ताले तोड़कर चोरी को अंजाम दिया.

मोतिहारी में चोरों का लेटरबम : इस बार चोरों ने सिर्फ चोरी नहीं की, बल्कि पुलिस को एक ‘लव लेटर’ भी छोड़ गए. चिट्ठी में लिखा था – “लव यू पुलिस मामा, आपसे तेज हैं. 10 घर में चोरी करना है, 8 में कर लिया है, 2 बाकी है. देखने में गरीब लगता है, लेकिन माल पूरा मिला, विजय सिंह से थोड़ा कम.” चोरों की यह चुनौती पुलिस के लिए एक सीधा ताना है.

पुलिस की नाक के नीचे वारदात: एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर गांव में पुलिस कैंप कर रही है. लेकिन हैरानी की बात यह है कि जिस घर में चोरी हुई, वह पुलिस कैंप से महज 10 कदम की दूरी पर है. इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद गांव में डर और गुस्सा दोनों है.

लगातार हो रही हैं वारदातें: बड़कागांव में 22 मार्च से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. इससे पहले 2 अप्रैल को भी दिनदहाड़े राजीव झा के घर से चोरों ने 10 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात उड़ा लिए थे. तब भी एसपी ने खुद गांव आकर भरोसा दिलाया था, लेकिन अब फिर से चोरी ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

ग्रामीणों में डर का माहौल

पुलिस की मौजूदगी के बावजूद हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों का भरोसा तोड़ दिया है. लोग दिन में भी अपने घरों के दरवाजों पर ताला लगाने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि चोर पुलिस से दो कदम आगे हैं और पुलिस सिर्फ तमाशबीन बनी हुई है.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.