पटना: पूर्व उपमुख्यमंत्री और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने ऐलान किया है कि अगर उनकी सरकार बनी तो किसी भी कीमत पर वक्फ कानून को लागू नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो वक्फ संशोधन बिल को कूड़ेदान में फेंक देंगे. साथ ही आरोपी लगाया कि बीजेपी देश में ‘नागपुरिया कानून’ लागू करना चाह रही है.

अल्पसंख्यक समाज के साथ खड़ा है आरजेडी
तेजस्वी यादव ने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल ने लोकसभा और राज्यसभा में अपनी बातें पूरी मजबूती के साथ रखी और कड़ा विरोध करके इसके खिलाफ वोट दिया. उन्होंने कहा कि एनडीए के पास संख्याबल था, इसलिए वे लोग विधेयक को पास करवाने में सफल रहे. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल हर परिस्थिति में अल्पसंख्यकों के साथ खड़ा है.

सेकुलर कहने वालों की पोल खुल गई
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग अपने को सेकुलर नेता बताते थे, इस बिल के कारण उनकी असलियत सामने आ गई है.

उन्होंने कहा कि सीएम अचेतावस्था में हैं, इसलिए उन पर कोई टीका-टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं लेकिन धर्मनिरपेक्षता का ढोंग रचने वालों की पोल खुल गई है.

तेजस्वी यादव ने जनता दल यूनाइटेड की प्रेस वार्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतना महत्वपूर्ण विषय सामने है तो मुख्यमंत्री वक्फ संशोधन विधेयक पर एक शब्द नहीं बोल रहे हैं. उनका एक भी शब्द नहीं बोलना और महत्वपूर्ण विषयों पर चुप्पी साध लेना बताता है कि सरकार कैसे चल रही है.

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आज जो जेडीयू के मुस्लिम नेताओं को पद बचाने की धमकी और लोभ देकर पीसी में बैठाया गया है, उसकी भी पोल खुल गई. जेडीयू के नेता सच्चाई का सामना नहीं कर पाए और आधा-अधूरा ही अपनी बात रखकर निकल गए.



Leave a Reply