MUZAFFARPUR

‘मुख्यमंत्री जी वक्फ बिल को पास होने न दें’, नीतीश कुमार से JDU के मुस्लिम नेता की भावुक अपील

पटना: आज लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पेश होगा. एनडीए के संख्या बल को देखते हुए लगता नहीं है कि इसे पास होने में कोई दिक्कत होगी. जेडीयू ने भी समर्थन का ऐलान कर दिया है लेकिन पार्टी के मुस्लिम नेता इस फैसले से खुश नहीं हैं.

पूर्व राज्यसभा सांसद अहमद अशफाक करीम ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपील की है कि अकलियतों के हित में इस बिल का विरोध करें और इसे किसी भी सूरत में पास होने न दें.

वक्फ बिल पर अशफाक करीम की अपील

जेडीयू नेता अशफाक करीम ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार मुसलमानों के हित को लेकर बिहार में काम करते रहे हैं. हमारा मानना है कि इस मामले को भी वह गौर से देखें और वक्फ बिल का उनकी पार्टी समर्थन नहीं करें.

उन्होंने कहा कि इसको लेकर हमने मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी और सारी बातें उनको बताई थी. ऐसे में हमें उम्मीद है कि सीएम अकलियतों की भावना का कद्र करेंगे और इस विधेयक का विरोध करेंगे.

इमारत-ए-शरिया की सीएम से अपील

वहीं, इमारत-ए-शरिया के अमीर अनिसुर रहमान कासमी ने भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस बिल का विरोध करने की अपील की है.

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसी भी सूरत में नीतीश कुमार और चंद्र बाबू नायडू को वक्फ बिल का समर्थन नहीं करना चाहिए. अगर एक धर्म से जुड़ी चीजों पर सरकारी कब्जा शुरू होगा तो दूसरे धर्म पर भी दखल शुरू हो जाएगा.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.